Lucknow के सिविल अस्पताल में बदहाली, फर्श पर घिसटता रहा लावारिस मरीज, वीडियो वायरल

Lucknow: राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल से एक बेहद दुखद तस्वीर सामने आई है। यहां के लावारिस वार्ड में मरीजों की हालत इतनी खराब है कि एक बुजुर्ग मरीज फर्श पर घिसटता रहा, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नही

Lucknow: राजधानी के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल से एक बेहद दुखद तस्वीर सामने आई है। यहां के लावारिस वार्ड में मरीजों की हालत इतनी खराब है कि एक बुजुर्ग मरीज फर्श पर घिसटता रहा, लेकिन उसकी मदद के लिए कोई नहीं आया। शनिवार को इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद अस्पताल की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

वायरल वीडियो में दिख रहा है कि पद्मश्री डॉ. एससी राय वार्ड यानी लावारिस वार्ड में गंदगी का अंबार लगा है। वार्ड में इतनी बदबू है कि वहां सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है और फर्श पर कीड़े रेंगते हुए नजर आ रहे हैं। भर्ती मरीजों ने आरोप लगाया कि डॉक्टर रोजाना राउंड पर नहीं आते हैं, जिसकी वजह से उनका इलाज पूरी तरह भगवान भरोसे चल रहा है। साथ ही, लावारिस और सामान्य मरीजों के लिए एक ही बाथरूम है, जो बहुत गंदा होने के कारण सभी के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है।

इस पूरे मामले पर जब सिविल अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसआर सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि लावारिस वार्ड में डॉक्टर राउंड पर जाते हैं और अब इस पूरे मामले की जांच की जाएगी।

गौरतलब है कि सिविल अस्पताल के इस वार्ड की बदहाली पहली बार सामने नहीं आई है। अगस्त 2022 में ऐसी ही घटना के बाद उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जांच के आदेश दिए थे। इसके अलावा जून 2023 में इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ ने भी इस वार्ड की स्थिति की पुष्टि करने के लिए निर्देश दिए थे और नवंबर 2023 में सरकार से लावारिस मरीजों के इलाज के बजट और विशेष अस्पताल को लेकर सवाल पूछे थे।