Lucknow के चिनहट में मंदिर से चांदी के मुकुट और दानपात्र चोरी, CCTV कैमरे भी ले गए चोर

Lucknow: राजधानी के चिनहट इलाके में चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाया है। विकल्पखंड-2 स्थित स्वप्नेश्वर महादेव मंदिर से चोर करीब दो किलो चांदी के मुकुट और दानपात्र में रखा कैश चोरी कर ले गए। इस चोरी की खबर से स्थानीय लोग

Lucknow: राजधानी के चिनहट इलाके में चोरों ने एक मंदिर को निशाना बनाया है। विकल्पखंड-2 स्थित स्वप्नेश्वर महादेव मंदिर से चोर करीब दो किलो चांदी के मुकुट और दानपात्र में रखा कैश चोरी कर ले गए। इस चोरी की खबर से स्थानीय लोगों में काफी नाराजगी है।

यह घटना 10 जुलाई की रात या 11 जुलाई की सुबह की बताई जा रही है। मंदिर के पुजारी और मानव कल्याण ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह जब सुबह करीब 5:30 बजे मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने रोशनदान टूटा हुआ पाया। चोरों ने मंदिर के अंदर घुसकर भगवान शंकर, बजरंग बली, गणेश भगवान, सूर्यदेव, कार्तिकेय और माता पार्वती के चांदी के मुकुट चोरी कर लिए। चोरी हुए चांदी के सामान की कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।

साक्ष्य मिटाने के लिए चोरों ने बड़ी चालाकी दिखाई और CCTV मॉनिटर को तोड़ दिया और कैमरे भी अपने साथ ले गए। हालांकि, मौके पर चोरों की दो चप्पलें छूट गई हैं, जिन्हें पुलिस ने बरामद किया है। पुजारी वीरेंद्र सिंह की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है।

चिनहट कोतवाली इंस्पेक्टर दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम ने मंदिर का मुआयना किया है और DVR की जांच की जा रही है। आसपास के इलाकों के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि चोरों का पता लगाया जा सके। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले को सुलझा लिया जाएगा।

गौरतलब है कि लखनऊ में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। 24 जून से 5 जुलाई के बीच विकास नगर, सुशांत गोल्फ सिटी और दुबग्गा इलाकों के चार घरों में भी चोरी हुई थी, जहां लाखों के जेवर और नकदी गायब थे।