Lucknow में डेढ़ साल की बच्ची का अपहरण, 2.5 लाख में हुआ था सौदा, 5 आरोपी गिरफ्तार

Lucknow: राजधानी की चौक पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बच्चा चोरी करने वाले गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सड़क किनारे सो रहे एक मजदूर की 18 महीने की बेटी का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने 48

Lucknow: राजधानी की चौक पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए बच्चा चोरी करने वाले गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सड़क किनारे सो रहे एक मजदूर की 18 महीने की बेटी का अपहरण कर लिया था। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस पूरे मामले को सुलझाते हुए बच्ची को सकुशल बरामद कर उसके माता-पिता को सौंप दिया है।

यह घटना 13 जुलाई 2026 की रात करीब 2:30 बजे हुई थी। बच्ची को नेशनल मेडिकल के बरामदे के पास से अगवा किया गया था, जहां उसके माता-पिता सो रहे थे। डीसीपी पश्चिम जोन कमलेश दीक्षित और एडीसीपी धनंजय सिंह कुशवाहा के निर्देशन में थाना चौक प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय की टीम ने इस मामले की जांच की। पुलिस ने आरोपियों तक पहुंचने के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके बाद 15 जुलाई की सुबह पांच आरोपियों को पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बच्ची को 2.5 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया था। हरदोई के रहने वाले शेर सिंह को बच्चे की जरूरत थी, जिसने अपने रिश्तेदार डॉ. श्यामजी यादव से संपर्क किया। श्यामजी ने मोहम्मद सुल्तान के जरिए बच्ची उपलब्ध कराने की साजिश रची। हालांकि, जब बच्ची शेर सिंह के पास पहुंची तो उसकी उम्र (18 माह) ज्यादा होने के कारण उसने उसे खरीदने से मना कर दिया। इसके बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने बच्ची को आलमबाग की मछली मंडी (मवैया) में लावारिस छोड़ दिया।

पुलिस ने इस मामले में ऋषभ कश्यप (20), रोहित पासी उर्फ जादू (22), मोहम्मद सुल्तान (27), मोहम्मद इरशाद शाह (25) और श्याम जी यादव (29) को गिरफ्तार किया है। इनके पास से घटना में इस्तेमाल किए गए 4 मोबाइल फोन भी मिले हैं। इस साजिश के मुख्य आरोपी शेर सिंह और महेश अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।