Lucknow में चेहल्लुम का जुलूस आज, 5 किमी लंबा रूट और भारी सुरक्षा इंतजाम, ट्रैफिक डायवर्जन लागू

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मंगलवार 4 अगस्त 2026 को चेहल्लुम का जुलूस निकाला जा रहा है। यह जुलूस चौक स्थित नाजिम साहब इमामबाड़ा से शुरू होकर तालकटोरा स्थित कर्बला तक जाएगा। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े

Lucknow: राजधानी लखनऊ में मंगलवार 4 अगस्त 2026 को चेहल्लुम का जुलूस निकाला जा रहा है। यह जुलूस चौक स्थित नाजिम साहब इमामबाड़ा से शुरू होकर तालकटोरा स्थित कर्बला तक जाएगा। करीब 5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं ताकि जायरीन शांतिपूर्वक अपनी परंपराएं पूरी कर सकें।

पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पश्चिमी लखनऊ को 5 जोन और 18 सेक्टर में बांटा है। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) बबलू कुमार ने बताया कि पूरे रूट पर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जा रही है। जुलूस में लगभग 40,000 से 50,000 श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है, जिन्हें देखते हुए पीएसी की 10 कंपनियां और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है।

आम जनता के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। डी.सी.पी. रवीना त्यागी के मुताबिक, यातायात डायवर्जन सुबह 11 बजे से लागू हो गया है और यह जुलूस खत्म होने तक जारी रहेगा। लोगों को सलाह दी गई है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। संवेदनशील इलाकों में क्यूआरटी, पीआरवी और डायल 112 की टीमें तैनात हैं और रूफटॉप ड्यूटी भी लगाई गई है।

प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत 30 सितंबर 2026 तक पूरे कमिश्नरेट क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। इसके तहत बिना अनुमति के धरना-प्रदर्शन, जुलूस निकालने या ड्रोन उड़ाने पर रोक है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को सख्त चेतावनी दी है और लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत देने को कहा है।