Lucknow के बुद्धेश्वर महादेव मंदिर से घंटे चुराने वाला सेवादार गिरफ्तार, बैग से बरामद हुए एक दर्जन घंटे

Lucknow: राजधानी के मशहूर बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आस्था के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है. मंदिर में ही रहने वाले एक सेवादार को मंदिर के घंटे चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है. आरोपी की पहचान गौरव उर्फ गोलू के रू

Lucknow: राजधानी के मशहूर बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में आस्था के साथ खिलवाड़ का मामला सामने आया है. मंदिर में ही रहने वाले एक सेवादार को मंदिर के घंटे चुराते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया है. आरोपी की पहचान गौरव उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो मंदिर में श्रृंगार आरती की व्यवस्थाएं भी देखता था.

यह पूरी घटना बुधवार शाम 8 जुलाई को हुई. मंदिर से पिछले कई दिनों से घंटे चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं. इसी बीच स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं ने गोलू को एक बैग में घंटे भरकर ले जाते हुए देख लिया और उसे मौके पर ही पकड़ लिया. इसके बाद तुरंत इसकी सूचना पारा पुलिस को दी गई.

पारा पुलिस ने आरोपी गौरव को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने उसके कब्जे से करीब एक दर्जन छोटे-बड़े घंटे, एक छोटी घंटी और लोहे की पांच चेन बरामद की हैं. लेखपाल आनंद श्रीवास्तव की तहरीर पर पुलिस ने चोरी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया है.

पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पहले हुई चोरियों में भी शामिल था या नहीं. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अब तक कुल कितने घंटे चोरी हुए हैं और क्या आरोपी ने कुछ घंटे पहले ही बेच दिए हैं.

इस घटना के बाद श्रद्धालुओं में काफी गुस्सा है. लोगों का कहना है कि मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन के पास है, इसलिए वहां सुरक्षा बढ़ानी चाहिए. स्थानीय लोगों ने मांग की है कि मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं और निगरानी सख्त की जाए ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों.