Lucknow में बुद्धेश्वर महादेव मंदिर का सेवादार निकला चोर, घंटे चुराते समय रंगे हाथों पकड़ाया

Lucknow : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में लंबे समय से हो रही घंटे चोरी की गुत्थी सुलझ गई है। मंदिर में ही सेवादार के तौर पर काम करने वाला गोलू उर्फ गौरव बुधवार शाम को मंदिर से घंटे चुराकर

Lucknow : लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में स्थित बुद्धेश्वर महादेव मंदिर में लंबे समय से हो रही घंटे चोरी की गुत्थी सुलझ गई है। मंदिर में ही सेवादार के तौर पर काम करने वाला गोलू उर्फ गौरव बुधवार शाम को मंदिर से घंटे चुराकर ले जाते समय पकड़ा गया। उसे अन्य सेवादारों और स्थानीय लोगों ने रंगे हाथों दबोच लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।

पकड़े गए आरोपी गोलू उर्फ गौरव का काम मंदिर में सेवा करना और श्रृंगार आरती की व्यवस्था संभालना था। बुधवार शाम को जब वह झोले में घंटे भरकर ले जा रहा था, तब वहां मौजूद अन्य सेवादारों, दुकानदारों और भक्तों ने उसे देख लिया और पकड़ लिया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए भपटामऊ लेखपाल आनंद श्रीवास्तव और स्थानीय निवासी सनी, विशाल और राकेश ने पारा थाने में तहरीर दी। पारा इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके पास से करीब एक दर्जन छोटे-बड़े घंटे बरामद किए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी पहले हुई चोरियों में भी शामिल था या नहीं और वह इन घंटों को कहां बेचता था।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों और भक्तों में काफी नाराजगी है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है और बरामद माल के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।