Lucknow में चलती कार में लगी आग, युवक की जलकर मौत, मौके पर मिला कंकाल

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सीतापुर रोड पर सरैया मोड़ के पास एक चलती जेन कार में अचानक आग लग गई, जिसमें एक युवक की जलकर मौत हो गई। जब तक दमकल की गाड़िया

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। सीतापुर रोड पर सरैया मोड़ के पास एक चलती जेन कार में अचानक आग लग गई, जिसमें एक युवक की जलकर मौत हो गई। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक कार में मौजूद व्यक्ति पूरी तरह जल चुका था और केवल कंकाल बचा था।

यह घटना गुरुवार रात करीब 11:30 बजे की बताई जा रही है। आग इतनी भयानक थी कि कार के अंदर मौजूद व्यक्ति को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। फायर स्टेशन ऑफिसर प्रशांत कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं और आग पर काबू पाया गया। आग बुझने के बाद जब कार की जांच की गई, तो ड्राइविंग सीट पर एक शख्स का जला हुआ कंकाल मिला।

कार के कागजात खुर्रमनगर निवासी हमीदुल के बेटे अलमाश हक के नाम पर दर्ज हैं। हालांकि, शरीर बुरी तरह जल जाने के कारण पुलिस अभी तक यह पुष्टि नहीं कर पाई है कि मरने वाला व्यक्ति अलमाश ही था या कोई और। बख्शी का तालाब के एसीपी विकास कुमार पांडेय ने कहा कि कार मालिक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है और हादसे के साथ-साथ हत्या के एंगल पर भी जांच कर रही है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि जिस सन्नाटे वाली जगह पर कार जली है, वह किसी गहरी साजिश की ओर भी इशारा कर सकती है। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।