Lucknow में सड़क हादसे में 4 महिलाओं समेत 7 घायल, ट्रक को ओवरटेक करते समय Scorpio से टकराई कार

Lucknow/BKT: लखनऊ के बीकेटी इलाके में सीतापुर हाईवे पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर बाग मोड़ के पास एक हुंडई i10 कार ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो

Lucknow/BKT: लखनऊ के बीकेटी इलाके में सीतापुर हाईवे पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर बाग मोड़ के पास एक हुंडई i10 कार ने ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की, जिससे वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही स्कॉर्पियो कार से जा भिड़ी। इस टक्कर में 4 महिलाओं समेत कुल सात लोग घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, हादसा दोपहर करीब 3 बजे हुआ जब हुंडई i10 कार नैमिषारण्य से लौट रही थी। कार चालक विवेक सिंघल ने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करना चाहा, लेकिन कार का पिछला हिस्सा ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार अपना संतुलन खो बैठी और सीधे सामने से आ रही स्कॉर्पियो से जा टकराई। ट्रक चालक शिवजीत सिंह उस समय पटना की ओर जा रहा था।

घायलों में गीता अग्रवाल की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। अन्य घायलों में अलका सिंघल, अद्विका सिंघल, मनोज अग्रवाल, रिया अग्रवाल और अलका अग्रवाल शामिल हैं।

बीकेटी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर ट्रैफिक को दोबारा चालू कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए हैं और शुरुआती जांच में हादसे की वजह ओवरटेकिंग के दौरान कार का बेकाबू होना लग रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।