Lucknow में भाजपा नेता की मौत पर बवाल, बेटे ने विधायक प्रतिनिधि पर लगाया हत्या का आरोप

Lucknow: राजधानी लखनऊ में भाजपा नेता नानकदीन भुर्जी की संदिग्ध मौत के बाद मामला अब गरमा गया है। उनके बेटे ने चुप्पी तोड़ते हुए एक विधायक के प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने की

Lucknow: राजधानी लखनऊ में भाजपा नेता नानकदीन भुर्जी की संदिग्ध मौत के बाद मामला अब गरमा गया है। उनके बेटे ने चुप्पी तोड़ते हुए एक विधायक के प्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने की है, जिसमें भाजपा नेता की जान चली गई थी।

नानकदीन भुर्जी भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश महामंत्री थे और उन्हें पूर्व राज्यमंत्री का दर्जा प्राप्त था। वह मूल रूप से बाराबंकी के बेहटा के रहने वाले थे। मंगलवार 28 जुलाई को लखनऊ में एक विधायक निवास की सातवीं मंजिल से गिरने के बाद उनकी मृत्यु हो गई थी। बुधवार को उनके बेटे उत्तम गुप्ता ने हजरतगंज थाने में तहरीर देकर विधायक हंसूराम के प्रतिनिधि आरिफ पर हत्या का आरोप लगाया है।

उत्तम गुप्ता का कहना है कि उनके पिता विधायक निवास गए थे और उन्होंने आरिफ से कॉफी बनाने के लिए कहा था। आरोप है कि आरिफ ने अपने साथियों के साथ मिलकर उनके पिता को खींचकर सातवें तल से नीचे धक्का दे दिया। बेटे ने साफ कहा कि उनके पिता किसी तनाव में नहीं थे और वे आत्महत्या नहीं कर सकते थे। वहीं, आरोपी आरिफ का दावा है कि वह कॉफी बनाने गया था और तभी उसे शोर सुनाई दिया, जब उसने देखा कि नानकदीन नीचे गिर चुके थे। आरिफ के एक अन्य बयान में कहा गया कि नानकदीन ने उससे थोड़ी बात की और फिर अचानक कूद गए।

पुलिस की जांच में अब तक की स्थिति यह है कि सीसीटीवी फुटेज में नानकदीन भुर्जी को सातवीं मंजिल से कूदते हुए देखा गया है। एसीपी हजरतगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि पुलिस को तहरीर मिल गई है और मामले की छानबीन जारी है। शुरुआती जांच में यह आत्महत्या लग रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण शॉक और शरीर में भारी रक्तस्राव बताया गया है, क्योंकि गिरने से शरीर की कई हड्डियां टूट गई थीं। बुधवार को बैकुंठ धाम पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस अब आसपास के अन्य सीसीटीवी कैमरों और वहां मौजूद लोगों के बयानों के आधार पर मामले की गहराई से जांच कर रही है।