Lucknow में विधायक आवास की 7वीं मंजिल से गिरकर भाजपा नेता की मौत, जांच में जुटी पुलिस
Lucknow: राजधानी लखनऊ के लालबाग इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ न्यू विधायक आवास की सातवीं मंजिल से गिरकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नानक चंद्र भुर्जी की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार दोपहर की है, जिससे राजनीत
Lucknow: राजधानी लखनऊ के लालबाग इलाके में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहाँ न्यू विधायक आवास की सातवीं मंजिल से गिरकर भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री नानक चंद्र भुर्जी की मौत हो गई। यह घटना मंगलवार दोपहर की है, जिससे राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक, नानक चंद्र भुर्जी सातवीं मंजिल से नीचे गिरे थे। उन्हें तुरंत गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गिरने की वजह से उनके दोनों पैर टूट गए थे। भुर्जी भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री होने के साथ-साथ हिंदुस्तान पिछड़ा मोर्चा नामक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी थे।
हजरतगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से छानबीन की है। पुलिस अभी इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि यह महज एक हादसा था या फिर उन्होंने खुदकुशी की कोशिश की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और विधायक आवास में मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि सच सामने आ सके।
भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष प्रकाश पाल ने इस घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने कहा कि उन्हें अभी यह जानकारी नहीं है कि भुर्जी किन परिस्थितियों में नीचे गिरे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और सभी सबूतों की जांच के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।