Lucknow में बीसी सखियों का विरोध प्रदर्शन, 20 हजार रुपये वेतन की मांग को लेकर चारबाग स्टेशन पर की नारेबाजी
Lucknow: राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर 17 जून, 2026 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत चुनी गई बीसी सखियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं इकट्ठा हु
Lucknow: राजधानी लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर 17 जून, 2026 को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत चुनी गई बीसी सखियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वेतन में बढ़ोतरी की मांग को लेकर बड़ी संख्या में महिलाएं इकट्ठा हुईं और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इन महिलाओं की मुख्य मांग है कि उन्हें हर महीने 20,000 रुपये वेतन दिया जाए।
प्रदर्शन कर रही बीसी सखियों का कहना है कि वर्तमान मानदेय उनकी जरूरतों के लिए काफी नहीं है। सरकारी नियमों की बात करें तो 31 जनवरी, 2024 के एक आदेश के मुताबिक, बीसी सखियों के लिए 6,000 रुपये का नियमित मानदेय और राष्ट्रीयकृत बैंकों से 2,000 रुपये यात्रा भत्ता तय किया गया था। इसी कम वेतन के कारण महिलाएं अब अपनी मांगों को लेकर सड़क पर उतरी हैं।
यह पहली बार नहीं है जब बीसी सखियों ने अपनी मांगों के लिए आवाज उठाई हो। इससे पहले 12 अगस्त, 2024 को भी लखनऊ में विधानसभा के बाहर धरना प्रदर्शन किया गया था। उस समय महिलाओं ने खुद को राज्य कर्मचारी घोषित करने, 10,000 रुपये स्थायी वेतन देने और 75,000 रुपये के ऋण माफ करने की मांग रखी थी।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण गरीब परिवारों को स्वयं सहायता समूहों (SHG) में जोड़कर उन्हें गरीबी से बाहर निकालना और कमाई के स्थायी साधन देना है। बीसी सखियां इसी मिशन का एक अहम हिस्सा हैं, जो जमीनी स्तर पर बैंकिंग सेवाओं को लोगों तक पहुँचाने का काम करती हैं।