Lucknow में दो छात्रों का अपहरण, पुलिस ने 2 घंटे में 4 आरोपियों को दबोचा

Lucknow: राजधानी के बीबीडी यूनिवर्सिटी परिसर से दो छात्रों के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बीबीडी पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों छात्रो

Lucknow: राजधानी के बीबीडी यूनिवर्सिटी परिसर से दो छात्रों के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। बीबीडी पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और दोनों छात्रों को सकुशल बचा लिया। आरोपियों ने छात्रों को बंधक बनाकर उनके खातों से पैसे ट्रांसफर कराए थे और परिवार से फिरौती की मांग की थी।

यह पूरी घटना सोमवार, 7 जुलाई 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे हुई। होटल मैनेजमेंट के छात्र निर्भय वर्मा और उनके दोस्त अभिषेक वर्मा का अपहरण कर उन्हें बंधक बना लिया गया था। घटना की जानकारी मिलते ही निर्भय के चाचा राम सुरेश चौधरी ने बीबीडी थाने में एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और मामले को सुलझाने के लिए टीमों का गठन किया।

डीसीपी पूर्वी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि इस ऑपरेशन के लिए पांच अलग-अलग टीमों को लगाया गया था। पुलिस ने सर्विलांस, तकनीकी सबूतों और स्थानीय मुखबिरों की मदद से संदिग्धों का पीछा किया। इंस्पेक्टर राम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने घेराबंदी की और आनंदी वाटर पार्क के पास से चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। रात करीब 8 बजे तक दोनों छात्रों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान अभय चौधरी (बस्ती), नवनीत तिवारी उर्फ गोलू (प्रतापगढ़), पीयूष राज (मऊ) और आर्यन सिंह (गोरखपुर) के रूप में हुई है। ये सभी आरोपी बीबीडी क्षेत्र में रहकर पढ़ाई कर रहे थे और एक निजी विश्वविद्यालय के पूर्व छात्र बताए जा रहे हैं।

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने पहले से ही इस अपहरण की योजना बना रखी थी। यह पूरी वारदात रुपयों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद के कारण हुई। आरोपियों ने छात्रों के खातों से 20,000 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और फिर परिवार से 1 लाख रुपये की फिरौती मांगी थी। फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है।