Lucknow में बाइक की टक्कर से युवक की मौत, परिवार में पांच बेटियां

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था और उसके पीछे उसकी पत्

Lucknow: राजधानी के बख्शी का तालाब इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। यहां सड़क पार कर रहे एक युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी, जिससे उसकी जान चली गई। मृतक अपने परिवार का इकलौता सहारा था और उसके पीछे उसकी पत्नी और पांच बेटियां रह गई हैं।

जानकारी के मुताबिक, बख्शी का तालाब के कठवारा निवासी 37 वर्षीय अच्छे लाल साहू पेशे से मजदूरी करते थे। शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे जब वह शौच के लिए घर से निकले और सड़क पार कर रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे के बाद अच्छे लाल साहू की हालत काफी गंभीर थी। उन्हें तुरंत इलाज के लिए सौ शैया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के भाई प्रेम और पत्नी रीता का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस मामले में इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तक परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत यानी तहरीर नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जैसे ही परिजनों की ओर से शिकायत मिलेगी, पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर देगी।