Lucknow में बड़े मंगल की धूम, विश्व संवाद केंद्र समेत शहर भर में लगे विशाल भंडारे
Lucknow: राजधानी लखनऊ में ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और सेवा का माहौल रहा। जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्र
Lucknow: राजधानी लखनऊ में ज्येष्ठ माह के सातवें बड़े मंगल के अवसर पर पूरे शहर में भक्ति और सेवा का माहौल रहा। जियामऊ स्थित विश्व संवाद केंद्र में एक विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस बार अधिक मास की वजह से ज्येष्ठ महीने में कुल आठ बड़े मंगल पड़ रहे हैं, जो करीब 19 साल बाद बना एक दुर्लभ संयोग है।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में एक हजार से ज्यादा भंडारों का आयोजन हुआ। लोगों को पूड़ी-सब्जी, बूंदी और शरबत बांटा गया। माल थाने के सामने भी भव्य भंडारा लगा जिसमें हजारों लोग पहुंचे। कई जगहों पर हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ भी हुआ। इस मौके पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने कई सेवा कार्यों में हिस्सा लिया और कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देते हैं।
राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने भी इन आयोजनों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश जिला मान्यता प्राप्त पत्रकार एसोसिएशन के भंडारे का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम में पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डॉ. दिनेश शर्मा और नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय समेत कई बड़े नेता शामिल हुए। वहीं, कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना हजरतगंज के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर के भंडारे में पहुंचे।
इस बार के आयोजनों में कुछ खास पहल भी देखने को मिलीं। ‘क्लाइमेट पर चर्चा’ समूह ने ईको भंडारा लगाया, जहां खाने के साथ-साथ लोगों को पौधे और सीड बॉल्स दिए गए। स्थानीय पुरोहित आचार्य कमल मिश्रा ने बताया कि इस साल के आठ मंगलवार हनुमान जी की अष्ट सिद्धियों का प्रतीक हैं। लखनऊ नगर निगम ने इन आयोजनों के दौरान शहर में पानी और सफाई की पूरी व्यवस्था संभाली। इस उत्सव में शिया समुदाय की भागीदारी ने लखनऊ की गंगा-जमुनी तहजीब की झलक पेश की।