Lucknow में आयुष बोर्ड के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन, लंबित परीक्षाओं और निष्क्रियता को लेकर कार्यालय का घेराव

Lucknow: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को आयुष बोर्ड की कार्यप्रणाली से नाराज प्रदर्शनकारियों ने जोरदार हंगामा किया। माध्यमिक, उच्च, तकनीकी एवं मेडिकल कॉलेज संयुक्त महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग आयुष बोर्ड कार्यालय प

Lucknow: राजधानी लखनऊ में गुरुवार को आयुष बोर्ड की कार्यप्रणाली से नाराज प्रदर्शनकारियों ने जोरदार हंगामा किया। माध्यमिक, उच्च, तकनीकी एवं मेडिकल कॉलेज संयुक्त महासभा के बैनर तले बड़ी संख्या में लोग आयुष बोर्ड कार्यालय पहुंचे और वहां घेराव कर अपनी मांगें रखीं। अजय कुमार शर्मा के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने बोर्ड की निष्क्रियता के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि आयुष बोर्ड लंबे समय से ठीक से काम नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से छात्रों और शिक्षण संस्थानों को बहुत परेशानी हो रही है। उनकी मुख्य मांग है कि बोर्ड को तुरंत पूरी तरह सक्रिय किया जाए और हाईकोर्ट द्वारा दिए गए सभी आदेशों का सख्ती से पालन हो। साथ ही, जो परीक्षाएं लंबे समय से रुकी हुई हैं, उन्हें जल्द से जल्द कराने की मांग की गई है।

महासभा ने आयुष विभाग के प्रमुख सचिव और बोर्ड के रजिस्ट्रार को पद से हटाने की मांग करते हुए उपाध्यक्ष को कार्यभार सौंपने की बात कही है। इसके अलावा, बोर्ड की लापरवाही के कारण जिन छात्रों की स्कॉलरशिप रुकी है, उन्हें आर्थिक मुआवजा देने की मांग भी उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सुधार नहीं हुआ तो आयुष मंत्री को इस्तीफा देना होगा।

जब प्रदर्शनकारी कार्यालय के अंदर घुसने की कोशिश करने लगे, तब वहां तैनात भारी पुलिस बल ने उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन बाद में स्थिति सामान्य हो गई। इससे पहले महासभा ने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो 30 जुलाई से लखनऊ में प्रदेश स्तरीय धरना शुरू किया जाएगा।

इस पूरे मामले पर आयुर्वेदिक तथा यूनानी तिब्बी चिकित्सा पद्धति बोर्ड के उपाध्यक्ष शैलेश राय ने कहा कि बोर्ड को सही तरीके से चलाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।