Lucknow में निजी अस्पताल में इलाज के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने शव देने के बदले एक लाख रुपये मांगने का लगाया आरोप
Lucknow: राजधानी के कल्ली पश्चिम स्थित जगतखेड़ा के अयांश स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 17 साल के एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ, जहां परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही
Lucknow: राजधानी के कल्ली पश्चिम स्थित जगतखेड़ा के अयांश स्पेशलिटी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 17 साल के एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में भारी हंगामा हुआ, जहां परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही और पैसों की हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए।
मृतक की पहचान अंकित सरोज के रूप में हुई है, जो अमेठी के जगदीशपुर के रहने वाले थे। अंकित 2 जुलाई 2026 को एक सड़क हादसे में घायल हो गए थे, जिसके बाद 5 जुलाई को उन्हें अयांश स्पेशलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का कहना है कि उन्होंने दो दिनों के इलाज में ढाई लाख रुपये से ज्यादा जमा कर दिए थे।
परिजनों ने आरोप लगाया कि बुधवार दोपहर अंकित की मौत से ठीक पहले अस्पताल ने उनसे एक लाख रुपये और जमा करने को कहा। साथ ही, बकाया भुगतान न होने की बात कहकर अस्पताल ने शव देने से इनकार कर दिया, जिससे नाराज परिवार ने अस्पताल में जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
दूसरी तरफ, अस्पताल संचालक आरके वर्मा ने लापरवाही के आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान मरीज को कार्डियक अरेस्ट आया था, जिसकी वजह से उसकी मौत हुई।
सूचना मिलने पर कल्ली चौकी प्रभारी अभियुदय अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने बताया कि पूरा विवाद अस्पताल के बिल को लेकर था। पुलिस की मध्यस्थता में दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई, जिसके बाद विवाद शांत हो गया और मामला सुलझ गया। इस मामले में अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई है।