Lucknow में ऑटो चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर 72 हजार लूटे, मोबाइल और ऑटो लेकर फरार हुए बदमाश

Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में बदमाशों ने एक ऑटो चालक को अपना निशाना बनाया। तीन अज्ञात लोगों ने चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और ऑटो रिक्शा लूटकर फरार हो ग

Lucknow: राजधानी के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में बदमाशों ने एक ऑटो चालक को अपना निशाना बनाया। तीन अज्ञात लोगों ने चालक को नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और उसके पास मौजूद नकदी, मोबाइल फोन और ऑटो रिक्शा लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने ऑटो को बरामद कर लिया है और लुटेरों की तलाश की जा रही है।

यह घटना गुरुवार रात करीब 9 बजे की है। पीड़ित ऑटो चालक प्रदीप सिंह, जो मूल रूप से बाराबंकी के भिलवल गांव के रहने वाले हैं और फिलहाल गोसाईंगंज के शेखनापुर में रहते हैं। प्रदीप सिंह फव्वारा चौराहे से तुलसियानी जा रहे थे, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति उनके ऑटो में बैठे। रास्ते में बदमाशों ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे वह बेहोश हो गए।

बदमाशों ने प्रदीप सिंह से 72,800 रुपये लूट लिए। बताया जा रहा है कि यह पैसा उन्होंने अपना मकान बनवाने के लिए गेहूं बेचकर जमा किया था। लुटेरों ने उनके मोबाइल फोन और ऑटो रिक्शा पर भी कब्जा कर लिया। बेहोश हालत में प्रदीप सिंह को बाद में पानी की टंकी के पास पाया गया।

सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑटो बरामद हो चुका है और तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित प्रदीप सिंह अकेले ही अपने छह साल के बेटे और आठ साल की बेटी का पालन-पोषण कर रहे हैं।