Lucknow में पूर्व पत्नी ने तवे से पीटकर की पति की हत्या, आलमबाग में हुआ ऑटो चालक का अंतिम संस्कार
Lucknow : राजधानी के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पूर्व पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक आशीष सोनी पेशे से ऑटो चालक था, जिसका शुक्रवार को आलमबाग श्मशान घाट पर अंतिम
Lucknow : राजधानी के जानकीपुरम इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पूर्व पति की बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक आशीष सोनी पेशे से ऑटो चालक था, जिसका शुक्रवार को आलमबाग श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी महिला को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जानकीपुरम की आनंद विहार कॉलोनी में हुई। आशीष सोनी अपनी पूर्व पत्नी तपस्या सिंह और अपनी 4-5 साल की बेटी वैष्णवी से मिलने उसके घर गया था। वहां दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि तपस्या ने रसोई में रखे लोहे के तवे से आशीष के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए।
गंभीर हालत में आशीष को पुलिस ने पहले ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जिसके बाद उसे KGMU रेफर कर दिया गया। हालांकि, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आशीष और तपस्या पिछले छह साल से अलग रह रहे थे, लेकिन वे मिलते रहते थे और आशीष अपनी बेटी के खर्च के लिए पैसे भी देता था। बेटी को साथ ले जाने के विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक की मां मिथिलेश की शिकायत पर जानकीपुरम पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी तपस्या सिंह फिलहाल पुलिस की हिरासत में है और मामले की आगे की जांच की जा रही है।