Lucknow में ऑटो चालक की मौत के बाद सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन, परिजनों ने मांगी सरकारी नौकरी

Lucknow: राजधानी के कृष्णानगर इलाके में बुधवार को एक ऑटो चालक के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह पुरानी जेल रोड पर हुए एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की जान चली गई थी। अब उनके परिवार वाले आर्थिक

Lucknow: राजधानी के कृष्णानगर इलाके में बुधवार को एक ऑटो चालक के परिजनों ने सड़क पर शव रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। मंगलवार सुबह पुरानी जेल रोड पर हुए एक सड़क हादसे में ऑटो चालक की जान चली गई थी। अब उनके परिवार वाले आर्थिक मदद और सरकारी नौकरी की मांग कर रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, कृष्णानगर के स्नेह नगर के रहने वाले 35 वर्षीय अरुण कुमार सोनकर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अपने ऑटो से निकले थे। आलमबाग के पुरानी जेल रोड पर अचानक उनके ऑटो के सामने एक पशु आ गया। पशु को बचाने के चक्कर में अरुण ने कट मारा, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराया। हादसे के बाद आलमबाग पुलिस ने घायल अरुण को तुरंत ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, लेकिन वहां उनकी मौत हो गई।

अरुण के परिवार में उनकी पत्नी सरिता, दो बेटियां और एक बेटा है। बुधवार सुबह परिजनों ने कृष्णानगर क्षेत्र में शव रखकर प्रदर्शन किया और मांग की कि उपमुख्यमंत्री को मौके पर बुलाया जाए। परिवार का कहना है कि घर का इकलौता कमाने वाला सदस्य चला गया है, इसलिए उन्हें सरकारी नौकरी और आर्थिक सहायता दी जाए।

नियमों की बात करें तो उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना में मृत्यु होने पर 5 लाख रुपये के मुआवजे का प्रावधान है, बशर्ते जांच में चालक की गलती न हो। इसके अलावा, मोटर दुर्घटना दावा न्यायाधिकरण (MACT) पीड़ित की उम्र, आय और निर्भर सदस्यों के आधार पर मुआवजे का निर्धारण करता है। हिट-एंड-रन मामलों में केंद्र सरकार की योजना के तहत मृत्यु पर 2 लाख रुपये की सहायता मिलती है।