Lucknow में बीएड छात्रा से यौन-शोषण के आरोपी SSI सस्पेंड, थाने बुलाकर संबंध बनाने का आरोप
Lucknow: राजधानी के आशियाना थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (SSI) पर अपनी ही फरियादी बीएड छात्रा के साथ यौन-शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में डीसीपी सेंट्रल ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा धर्मवीर शाही क
Lucknow: राजधानी के आशियाना थाने में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर (SSI) पर अपनी ही फरियादी बीएड छात्रा के साथ यौन-शोषण करने का गंभीर आरोप लगा है। इस मामले में डीसीपी सेंट्रल ने सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी दरोगा धर्मवीर शाही को सस्पेंड कर दिया है। पीड़िता का आरोप है कि जिस पुलिस अधिकारी पर वह न्याय के लिए भरोसा कर रही थी, उसी ने उसके साथ गलत काम किया।
पूरा मामला फरवरी 2026 का है जब पीड़िता ने बस्ती के एक युवक अभिषेक सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन-शोषण का मामला दर्ज कराया था। इस केस की जांच आशियाना थाने के दरोगा धर्मवीर शाही को सौंपी गई थी। आरोप है कि 21 फरवरी 2026 को दरोगा शाही ने पीड़िता को बयान दर्ज कराने के बहाने थाने बुलाया और उस पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी दरोगा ने उसे डराया कि पुरानी मेडिकल रिपोर्ट से मामला साबित नहीं होगा और अगर वह जांच में मदद चाहती है तो उसे दोबारा संबंध बनाने होंगे। इसके बाद शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई बार थाने और एक किराए के कमरे में उसका यौन-शोषण किया। करीब डेढ़ महीने पहले वाराणसी यात्रा के दौरान छात्रा को पता चला कि धर्मवीर शाही पहले से शादीशुदा है।
जब पीड़िता ने दूरी बनानी शुरू की, तो आरोपी दरोगा ने उसे प्रताड़ित करना और धमकी देना शुरू कर दिया। आरोप है कि 30 जुलाई को धर्मवीर शाही और उसके दो साथियों ने उसे गाड़ी से कुचलने की कोशिश की। पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी ने उसे जबरन कार में बैठाकर मारपीट की और उसके मोबाइल से सबूत के तौर पर मौजूद वीडियो, चैट और तस्वीरें हटा दीं।
वर्तमान में आरोपी SSI धर्मवीर शाही के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच एसीपी कैंट को सौंपी गई है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है और सूत्रों के मुताबिक आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है।