Lucknow में लावारिस कार से आ रही थी बदबू, पुलिस ने शीशा तोड़कर निकाला शव; मृतक की पहचान ज्ञानेन्द्र सिंह के रूप में हुई

Lucknow/Ashiana: लखनऊ के आशियाना इलाके में सालेह नगर चौराहे पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार में व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कार पिछले दो-तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें से तेज दुर्गंध आने के बाद स्था

Lucknow/Ashiana: लखनऊ के आशियाना इलाके में सालेह नगर चौराहे पर एक संदिग्ध स्विफ्ट डिजायर कार में व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। कार पिछले दो-तीन दिनों से सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें से तेज दुर्गंध आने के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को खबर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार का शीशा तोड़ा और शव को बाहर निकाला।

मृतक की पहचान 36 वर्षीय ज्ञानेन्द्र सिंह के रूप में हुई है, जो मूल रूप से रायबरेली जिले के रहने वाले थे। ज्ञानेन्द्र एक फाइनेंस कंपनी में काम करते थे और अपनी पत्नी प्रियंका और साढ़े तीन साल की बेटी के साथ आशियाना के बंगला बाजार इलाके में रह रहे थे। शव काफी सड़ी-गली हालत में मिला, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मौत करीब तीन दिन पहले हुई थी।

घटना की जानकारी मिलते ही आशियाना थाना प्रभारी गजेंद्र कुमार राय और डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। साक्ष्यों को जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने कार नंबर UP 33 BB 8989 के आधार पर मृतक और कार मालिक की पहचान की।

डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी। पुलिस अब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि कार वहां कब आई और घटना के समय आसपास कौन मौजूद था। इस घटना ने शहर के व्यस्त इलाके में कई दिनों तक कार खड़े रहने और पुलिस गश्त की निगरानी पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।