Lucknow में Ansal Properties पर धोखाधड़ी का केस, 14 साल बाद भी नहीं मिला प्लॉट का कब्जा
Lucknow: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में रहने का सपना देखने वाले कई लोग अब पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। Ansal Properties & Infrastructure Ltd. के खिलाफ प्लॉट खरीदारों को सालों तक कब्जा न देने और पैसे ठगने के आर
Lucknow: राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में रहने का सपना देखने वाले कई लोग अब पुलिस के चक्कर काट रहे हैं। Ansal Properties & Infrastructure Ltd. के खिलाफ प्लॉट खरीदारों को सालों तक कब्जा न देने और पैसे ठगने के आरोप में धोखाधड़ी के मुकदमे दर्ज किए गए हैं। कुछ पीड़ितों का तो यह हाल है कि उन्होंने 14 साल पहले प्लॉट खरीदा था, लेकिन आज तक उन्हें जमीन का कब्जा नहीं मिला।
सुशांत गोल्फ सिटी थाना क्षेत्र में 7 अगस्त 2026 को कंपनी के खिलाफ दो अलग-अलग FIR दर्ज की गईं। इसमें गाजियाबाद के राज कृष्णा ने शिकायत की है कि उन्होंने 2014 में 200 वर्गमीटर का प्लॉट बुक किया था। उन्होंने करीब 7.07 लाख रुपये की रकम किश्तों में जमा की थी और कंपनी ने मार्च 2017 तक कब्जा देने का वादा किया था। जब वे मौके पर पहुंचे तो पता चला कि उस सेक्टर में कंपनी के पास जमीन ही नहीं थी। आरोप है कि कंपनी ने उन्हें तीन बार अलग-अलग प्लॉट आवंटित किए और गुमराह किया, लेकिन 8 साल बाद भी कब्जा नहीं दिया गया।
इस मामले में कंपनी के चेयरमैन प्रणव अंसल, निदेशक सुनील अंसल और सुनील गुप्ता समेत कई अधिकारियों के नाम मुकदमे में शामिल हैं। पुलिस अब बिल्डर-बायर एग्रीमेंट, पेमेंट रिकॉर्ड और आवंटन पत्रों की जांच कर रही है।
एक अन्य मामले में 5 अगस्त 2026 को हाईटेक आवासीय योजना में करीब 18.71 लाख रुपये की ठगी का केस दर्ज हुआ। विवेकखंड-2 के पवन अरोड़ा और उनकी पत्नी शिवानी ने 2012 में पाइन वुड विला प्रोजेक्ट में प्लॉट बुक कराया था और 12.51 लाख रुपये जमा किए थे। वहीं फर्रुखाबाद के सुक्रित रस्तोगी ने भी ऐसी ही धोखाधड़ी की शिकायत की है। इन पीड़ितों को 14-15 साल तक रजिस्ट्री और कब्जे के लिए चक्कर काटने पड़े, लेकिन न तो प्लॉट मिला और न ही उनके पैसे वापस हुए। पुलिस ने सुशील अंसल और प्रणव अंसल सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।