Lucknow में बिजली कटौती से भड़के लोग, आलमनगर-मोहान रोड पर किया जाम, पुलिस ने खुलवाया रास्ता

Lucknow: राजधानी के आलमनगर-मोहान रोड पर बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 21 जून की देर रात बुद्धेश्वर, हर्ष नगर, कुंदन विहार, कुमारपुरम, पारा और मायापुरम जैसे इलाकों के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और रास्

Lucknow: राजधानी के आलमनगर-मोहान रोड पर बिजली कटौती से परेशान लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। 21 जून की देर रात बुद्धेश्वर, हर्ष नगर, कुंदन विहार, कुमारपुरम, पारा और मायापुरम जैसे इलाकों के सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए और रास्ता जाम कर दिया। घंटों अंधेरे में रहने से नाराज लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

मौके पर पहुंची पुलिस और बिजली विभाग की टीम ने प्रदर्शनकारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया। बिजली विभाग के SDO संदीप वर्मा ने बताया कि शकुंतला मिश्रा उपकेंद्र पर लोड बहुत ज्यादा होने की वजह से बिजली की रोस्टिंग करनी पड़ रही है, जिससे इन इलाकों में कटौती हो रही है। विभाग ने कहा कि समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए 5 MVA का एक नया ट्रांसफार्मर लगाया जा रहा है, जो अगले 10 से 12 दिनों में चालू हो जाएगा।

इधर, उसी रात अपट्रॉन उपकेंद्र पर भी भूमिगत केबल में खराबी आने से बिजली गुल हो गई थी, जिससे वहां भी लोगों ने सड़क जाम कर विरोध जताया। इस दौरान उपकेंद्र के कर्मचारी ताला लगाकर चले गए थे, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को संभाला। अधिशासी अभियंता के मुताबिक केबल फॉल्ट के कारण बिजली आपूर्ति सुबह 3 बजे के आसपास बहाल हुई, जबकि अधीक्षण अभियंता केके चौधरी ने इसे 3:30 बजे और अन्य अधिकारियों ने सुबह 4:30 बजे चालू होने की बात कही।

बता दें कि 21 जून की रात उत्तर प्रदेश में बिजली की मांग अपने अब तक के सबसे ऊंचे स्तर 32,348 मेगावॉट पर पहुंच गई थी। ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने इस रिकॉर्ड मांग के बीच बिजली व्यवस्था संभालने के लिए जनता और विभाग को बधाई दी है।