Lucknow के अलीगंज में नगर निगम टीम और रेस्टोरेंट संचालकों के बीच मारपीट, 2 हिरासत में

Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार को नगर निगम की टीम और दो रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई. यह पूरा मामला पुरनिया इलाके में अतिक्रमण हटाने और जुर्माना वसूलने के अभियान के दौरान शुरू हुआ, जिसने

Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार को नगर निगम की टीम और दो रेस्टोरेंट के कर्मचारियों के बीच जमकर मारपीट हुई. यह पूरा मामला पुरनिया इलाके में अतिक्रमण हटाने और जुर्माना वसूलने के अभियान के दौरान शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया.

नगर निगम की प्रवर्तन टीम जोन तीन के सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सुमित मिश्रा और पुष्कर पटेल के नेतृत्व में गंदगी और सिंगल-यूज़ पॉलीथिन के खिलाफ कार्रवाई कर रही थी. टीम ने आरिफ चैंबर स्थित ‘रोमी दी हट्टी’ और ‘जौनपुरिया मटन वाले’ रेस्टोरेंट में अतिक्रमण और गंदगी पाई. इस गलती के लिए दोनों रेस्टोरेंट पर पांच-पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया.

जब दुकानदारों ने जुर्माना देने से मना कर दिया और टीम ने बाहर रखी कुर्सी-मेज़ जब्त करना शुरू किया, तब विवाद बढ़ गया. नगर निगम कर्मियों का आरोप है कि रेस्टोरेंट संचालकों और उनके कर्मचारियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और उन पर हमला किया, जिससे कई कर्मी घायल हो गए. वहीं, रेस्टोरेंट संचालकों का कहना है कि उन्हें गलत तरीके से निशाना बनाया गया और वहां न तो कोई गंदगी थी और न ही पॉलीथिन का इस्तेमाल हो रहा था. उनका आरोप है कि विरोध करने पर निगम कर्मियों ने उनके साथ मारपीट की.

घटना की जानकारी मिलते ही अलीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दी है. पुलिस ने मौके के वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है. जांच पूरी होने के बाद ही आगे का मुकदमा दर्ज किया जाएगा.