Lucknow में लाइब्रेरी और कोचिंग सेंटर की इमारत में भीषण आग, कई लोग घायल, बचाव कार्य जारी

UP/Lucknow: लखनऊ के पुरानिया इलाके के पास अलीगंज में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे के बाद इलाके में काफी अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और आग की लपटों में घिर गई। इस इमारत

UP/Lucknow: लखनऊ के पुरानिया इलाके के पास अलीगंज में सोमवार को एक बहुमंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे के बाद इलाके में काफी अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते पूरी बिल्डिंग धुएं और आग की लपटों में घिर गई। इस इमारत में एक लाइब्रेरी, कोचिंग सेंटर, कंप्यूटर कोर्स संस्थान, गेमिंग जोन और ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप चल रही थी।

आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे कई लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसमें एक व्यक्ति की रीढ़ की हड्डी टूट गई और हाथ-पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। स्थानीय निवासी अमन ने मौके पर मौजूद रहकर 5-6 लोगों की जान बचाने में मदद की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तुरंत राहत और बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और पूरी घटना की निगरानी करने को कहा है। वहीं उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता सभी बच्चों और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने चिकित्सा टीमों को हाई अलर्ट पर रखा है।

आग बुझाने के लिए दमकल विभाग ने हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म वाहन समेत 14 फायर टेंडर लगाए थे। बचाव कार्य के दौरान दमकल कर्मियों ने पहली मंजिल की एक दीवार तोड़कर अंदर प्रवेश किया ताकि फंसे हुए लोगों तक पहुंचा जा सके। भारी धुएं को बाहर निकालने के लिए एग्जॉस्ट फैन का इस्तेमाल किया गया। दमकल अधिकारियों के मुताबिक, अभी भी करीब 10-12 लोगों के अंदर फंसे होने की आशंका है, हालांकि इसकी सटीक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है, जिसकी जांच आग पूरी तरह बुझने के बाद की जाएगी।