Lucknow में कोचिंग-कम-गेमिंग ज़ोन में भीषण आग, 14 लोगों की मौत, CM योगी ने रद्द किया अलीगढ़ दौरा
Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे और छात्र बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयानक थी कि कई लो
Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में सोमवार दोपहर एक कमर्शियल बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अब तक 14 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें ज्यादातर बच्चे और छात्र बताए जा रहे हैं। आग इतनी भयानक थी कि कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए इमारत से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज KGMU के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
यह हादसा अलीगंज थाना क्षेत्र के पुरनिया इलाके में उषा मेहता मार्ग पर स्थित एक इमारत में हुआ। शुरुआती जानकारी में इसे कोचिंग-कम-गेमिंग ज़ोन बताया गया था, लेकिन उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्पष्ट किया कि ग्राउंड फ्लोर पर एक पेट शॉप थी और ऊपरी मंजिल पर एक एनिमेशन सेंटर चल रहा था, जहाँ बच्चे कार्टून बनाना सीखते थे। इमारत में लकड़ी का काफी फर्नीचर होने की वजह से आग तेजी से फैली और पूरे परिसर में काला धुआं भर गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना अलीगढ़ दौरा रद्द कर तुरंत लखनऊ लौटने का फैसला किया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सख्त लहजे में कहा कि इस मामले की गहराई से जांच होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर पहुंचकर बताया कि उन्होंने खुद 14 शव देखे हैं। बचाव कार्य के दौरान दमकल विभाग और NDRF की टीमों ने इमारत की दीवार तोड़कर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म समेत 14 दमकल गाड़ियां लगाई गई थीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है। फिलहाल आग लगने की सटीक वजह का पता नहीं चला है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।