Lucknow अग्निकांड: अवैध इमारत पर चलेगा बुलडोजर, आज खत्म हो रही नोटिस की समयसीमा
Lucknow: अलीगंज के सेक्टर-डी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब प्रशासन अवैध इमारत पर सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस विवादित बिल्डिंग को गिराने की पूरी तैयारी कर ली है। आज सोमवार, 6 जुलाई 20
Lucknow: अलीगंज के सेक्टर-डी में हुए भीषण अग्निकांड के बाद अब प्रशासन अवैध इमारत पर सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इस विवादित बिल्डिंग को गिराने की पूरी तैयारी कर ली है। आज सोमवार, 6 जुलाई 2026 को नोटिस का जवाब देने की आखिरी तारीख है, जिसके बाद मंगलवार से ध्वस्तीकरण का काम शुरू हो सकता है।
बता दें कि यह दर्दनाक हादसा 22 जून 2026 को हुआ था, जिसमें 15 लोगों की जान चली गई थी। इस घटना के बाद LDA ने 23 जून को भवन मालिक वीरेंद्र शुक्ला और सुरेंद्र शुक्ला को 15 दिन का नोटिस जारी कर अवैध निर्माण पर जवाब मांगा था। अधिकारियों का कहना है कि अब तक मालिक की तरफ से कोई जवाब नहीं मिला है। अगर आज भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं आता है, तो मंगलवार, 7 जुलाई से उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27(1) के तहत इमारत को ढहा दिया जाएगा।
प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि बिल्डिंग को गिराने में जो भी खर्चा आएगा, उसकी वसूली सीधे भवन मालिक से ही की जाएगी। कार्रवाई के दौरान किसी भी तरह के हंगामे को रोकने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
वहीं, इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी रिपोर्ट शासन को सौंप दी है। रिपोर्ट में LDA के कुछ अधिकारियों और बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जांच में पता चला है कि बिना नियमों का पालन किए बिल्डिंग को बिजली कनेक्शन दिया गया था और लोड बढ़ने के बावजूद विभाग ने समय पर कोई कदम नहीं उठाया। SIT ने उन इंजीनियरों के बयान भी दर्ज किए हैं जिन्हें हादसे के बाद निलंबित किया गया था। अब शासन इस रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय करेगा।