Lucknow अग्निकांड में 15 की मौत, 4 गिरफ्तार और 4 अधिकारी सस्पेंड, अवैध इमारत को गिराने का नोटिस जारी

Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को दहला दिया है। इस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें ज्यादातर 20 से 24 साल के छात्र थे। हादसे में 7 से 9 लोग घायल हुए हैं। पोस्

Lucknow: राजधानी के अलीगंज इलाके में एक व्यावसायिक इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे शहर को दहला दिया है। इस हादसे में 15 लोगों की जान चली गई, जिनमें ज्यादातर 20 से 24 साल के छात्र थे। हादसे में 7 से 9 लोग घायल हुए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि सभी मृतकों की मौत दम घुटने की वजह से हुई है, उनके शरीर पर जलने के कोई गंभीर निशान नहीं मिले हैं।

इस मामले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बहुत सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच के निर्देश दिए हैं और कहा है कि लापरवाही बरतने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के चार अधिकारियों को तुरंत सस्पेंड कर दिया है। साथ ही, मामले की गहराई से जांच के लिए एक विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, जिसे सात दिनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

पुलिस ने इस घटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में इमारत का मालिक वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, एनिमेशन जोन चलाने वाले तुषांक कृष्णा जायसवाल, पेट शॉप संचालक रामकृष्ण उपाध्याय और आईटी नेटवर्किंग का काम करने वाले सुरेश कुमार साहू शामिल हैं। दो अन्य आरोपी धीरेंद्र और सुरेंद्र शुक्ला अभी फरार हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश अग्निशमन सेवा अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।

जांच में यह चौंकाने वाली बात सामने आई कि जिस इमारत में आग लगी, वह मूल रूप से 2014 में सिर्फ रहने के लिए बनी थी, लेकिन वहां अवैध रूप से कमर्शियल काम चल रहा था। LDA ने अब इस इमारत को गिराने का नोटिस जारी किया है। रिकॉर्ड के मुताबिक, 2016 में भी इसे गिराने का आदेश हुआ था, लेकिन दो महीने के अंदर ही उसे रद्द कर दिया गया। मुख्यमंत्री ने LDA उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार को तलब कर 1 जनवरी 2026 से अब तक की गई सभी सीलिंग और बुलडोजर कार्रवाई का ब्यौरा मांगा है।

इस हादसे के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सुरक्षा जांच का बड़ा अभियान शुरू हो गया है। 24 जून से प्रदेश के सभी कोचिंग संस्थानों, अस्पतालों, होटलों और लाइब्रेरी की जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में कई जगह फायर सेफ्टी और इमरजेंसी एग्जिट की कमी मिली है, जिसके कारण प्रयागराज के खान ग्लोबल क्लासेज समेत कई संस्थानों को सील कर दिया गया है।