Lucknow Airport पर स्वतंत्रता दिवस को लेकर सुरक्षा सख्त, विजिटर पास बंद और चेकिंग तेज

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को सरोजनीनगर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की संयुक्

UP/Lucknow: राजधानी लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट (अमौसी) पर स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था बहुत कड़ी कर दी गई है। गुरुवार को सरोजनीनगर पुलिस और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) की संयुक्त टीम ने एयरपोर्ट परिसर में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों, सामान और गाड़ियों की बारीकी से जांच की गई।

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए डॉगी स्क्वायड और बम डिस्पोजल स्क्वायड (BDS) की मदद ली गई। इंस्पेक्टर मंतोष कुमार ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के कारण इलाके में सतर्कता और सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) के निर्देशों के अनुसार यात्रियों, उनके सामान और कार्गो की स्क्रीनिंग अब और भी सख्त होगी। इसके साथ ही विमान में चढ़ने से ठीक पहले यात्रियों की दोबारा जांच (SLPC) भी की जाएगी।

आम यात्रियों के लिए एयरपोर्ट प्रशासन ने एक एडवाइजरी जारी की है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें और अपने यात्रा दस्तावेज तैयार रखें, क्योंकि कड़ी सुरक्षा जांच की वजह से क्लियरेंस में ज्यादा समय लग सकता है। एयर इंडिया, इंडिगो और स्पाइसजेट जैसी एयरलाइंस ने भी यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर चलने की अपील की है।

सुरक्षा के मद्देनजर कुछ कड़े नियम लागू किए गए हैं:

  • विजिटर पास पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है, जो 28 अगस्त 2026 तक जारी रहेगी।
  • डोमेस्टिक और इंटरनेशनल टर्मिनल पर बाहरी लोगों का प्रवेश 20 अगस्त 2026 तक प्रतिबंधित रहेगा।
  • एयरपोर्ट के आसपास और अंदर गाड़ियों की चेकिंग बढ़ा दी गई है।

बता दें कि सुरक्षा का यह घेरा सिर्फ एयरपोर्ट तक सीमित नहीं है। 12 अगस्त को लखनऊ के प्रमुख रेलवे स्टेशनों और हजरतगंज जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में भी पुलिस और डॉगी स्क्वायड ने सघन चेकिंग की थी।