Lucknow में LDA का बड़ा एक्शन, Novotel होटल का बेसमेंट और 3 अवैध कार वर्कशॉप सील
UP/Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने सोमवार को गोमती नगर इलाके में अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान शहर के नामी Novotel होटल के बेसमेंट को सील कर दिया गया
UP/Lucknow : लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने सोमवार को गोमती नगर इलाके में अवैध निर्माण और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान के दौरान शहर के नामी Novotel होटल के बेसमेंट को सील कर दिया गया। इसके साथ ही गोमती नगर विस्तार में रिहायशी इलाकों में चल रही तीन अवैध कार वर्कशॉप पर भी ताला लगाया गया है।
LDA की टीम ने पाया कि Novotel होटल के बेसमेंट को नक्शे के मुताबिक पार्किंग के लिए बनाया गया था, लेकिन वहां नियमों के खिलाफ जाकर बेकरी और लॉन्ड्री चलाई जा रही थी। होटल प्रबंधन को पहले भी 8 जून 2026 को पार्किंग एरिया में बेकरी और स्टाफ क्वार्टर चलाने के लिए नोटिस दिया गया था। इसके बाद 9 जुलाई को करीब 70 बड़े होटलों को दस्तावेज जमा करने का समय दिया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर अब यह कड़ी कार्रवाई की गई है।
यह पूरी कार्रवाई अलीगंज अग्निकांड के बाद शहर में बेसमेंट के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है। LDA और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने जब सर्वे किया, तो 122 जगहों पर गड़बड़ियां मिली थीं। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने इस मामले में कड़ी नाराजगी जताई है। उन्होंने साफ कहा है कि जिन अधिकारियों ने अवैध निर्माण के बावजूद भवनों को ‘पूर्णता प्रमाण पत्र’ (Completion Certificate) जारी किए, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।
वहीं, गोमती नगर विस्तार के आवासीय भूखंडों पर चल रहे कार वर्कशॉप को भी सील किया गया क्योंकि ये रिहायशी इलाकों में अवैध रूप से संचालित हो रहे थे। इलाके के लोग पहले भी इन वर्कशॉप से परेशान थे, जिसके कारण 12 फरवरी 2026 को सेक्टर 1, 4 और 6 में कुछ वर्कशॉप को ध्वस्त भी किया गया था। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि समय सीमा के भीतर नियमों का पालन न करने वाले अन्य परिसरों को भी सील किया जाएगा।