Kudankulam Nuclear Plant से जुड़े संवेदनशील दस्तावेज लीक, Dark Web पर पहुंचीं फाइलें; जांच में जुटी CERT-In

Tamil Nadu: भारत के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र, Kudankulam Nuclear Power Plant से जुड़ी कई जरूरी फाइलें लीक हो गई हैं। ‘World Leaks’ नाम के एक रैनसमवेयर ग्रुप ने इन दस्तावेजों को डार्क वेब पर डाल दिया है।

Tamil Nadu: भारत के सबसे बड़े परमाणु ऊर्जा संयंत्र, Kudankulam Nuclear Power Plant से जुड़ी कई जरूरी फाइलें लीक हो गई हैं। ‘World Leaks’ नाम के एक रैनसमवेयर ग्रुप ने इन दस्तावेजों को डार्क वेब पर डाल दिया है। बताया जा रहा है कि ये फाइलें प्लांट के एक कॉन्ट्रैक्टर से चोरी की गई हैं, जिसके बाद अब सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया है।

इस मामले में Reliance Group, जो कि प्लांट के लिए एक कॉन्ट्रैक्टर है, ने स्वीकार किया है कि उनके डेटा में ‘पार्शियल ब्रीच’ यानी आंशिक सेंधमारी हुई है। यह डेटा Yotta नाम के एक थर्ड पार्टी डेटा सेंटर के सर्वर पर रखा गया था। रिलायंस ग्रुप ने इस घटना की जानकारी सरकार को दे दी है और Nuclear Power Corporation of India (NPCIL) भी इस मामले की गंभीरता को समझने के लिए रिलायंस ग्रुप से बातचीत कर रहा है।

लीक हुए दस्तावेजों में 2016 से लेकर 2025 के बीच की जानकारी शामिल है। कुल मिलाकर लगभग 8.58 लाख दस्तावेजों में से 19,000 से ज्यादा संवेदनशील फाइलें सार्वजनिक की गई हैं। इनमें प्लांट के वेंटिलेशन और कूलिंग सिस्टम के इंजीनियरिंग ब्लूप्रिंट, कंट्रोल रूम का पूरा लेआउट, वेंडर्स की लिस्ट और मशीनों की तस्वीरें शामिल हैं। हालांकि, राहत की बात यह है कि रिएक्टर कोर सिस्टम की जानकारी लीक नहीं हुई है, क्योंकि वह रूस की कंपनी Rosatom द्वारा सप्लाई किया गया है।

भारत की साइबर एजेंसी CERT-In इस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं Nuclear Threat Initiative के सीनियर डायरेक्टर निकोलस रोथ ने कहा कि यह डेटा लीक प्लांट की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन सकता है। उनके मुताबिक, इन दस्तावेजों की मदद से कोई भी बाहरी दुश्मन यह जान सकता है कि प्लांट के किन सिस्टम्स तक किसकी पहुंच है।