Maharashtra: ठाणे-घोडबंदर रोड पर गड्ढों से बुरा हाल, काशिमीरा ट्रैफिक पुलिस ने MBMC को भेजा नोटिस
Maharashtra/Thane: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे को जोड़ने वाले ठाणे-घोडबंदर स्टेट हाईवे पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सोमवार को इन गड्ढों की वजह से सड़क पर भारी जाम लग गया, जिससे वाहन चालक घंटों फंसे रहे
Maharashtra/Thane: मुंबई-अहमदाबाद हाईवे को जोड़ने वाले ठाणे-घोडबंदर स्टेट हाईवे पर बने बड़े-बड़े गड्ढों ने लोगों की मुसीबत बढ़ा दी है। सोमवार को इन गड्ढों की वजह से सड़क पर भारी जाम लग गया, जिससे वाहन चालक घंटों फंसे रहे। स्थिति इतनी खराब थी कि काशिमीरा ट्रैफिक पुलिस को दखल देना पड़ा और उन्होंने मीरा भायंदर नगर निगम (MBMC) को तुरंत मरम्मत करने का नोटिस जारी किया है।
काशिमीरा डिवीजन के असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस (ट्रैफिक) सतीश शिवकर ने MBMC के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर नितिन मुकने को यह नोटिस भेजा है। नोटिस में कहा गया है कि सड़क की हालत बिगड़ने और जलजमाव की वजह से लगातार ट्रैफिक जाम लग रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था की समस्या पैदा हो सकती है। पुलिस ने नगर निगम पर सड़क के रखरखाव में लापरवाही का आरोप लगाया है।
काशिमीरा ट्रैफिक डिवीजन के सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर प्रफुल्ल वाघ ने बताया कि जाम इतना ज्यादा था कि फंसे हुए वाहनों को हटाने के लिए पुलिस कर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। खासकर काजुपाड़ा और चेना स्ट्रेच पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई गाड़ियां खराब भी हो गईं।
सड़कों की खराब हालत पर पहले भी चिंता जताई जा चुकी है। मीरा-भायंदर की मेयर डिंपल मेहता ने बताया था कि पिछले तीन महीनों में मेट्रो कॉरिडोर के नीचे की सड़कों पर 21 हादसे हुए, जिनमें 7 लोगों की जान गई। इसी वजह से MMRDA ने भी मेट्रो कॉरिडोर के नीचे गड्ढों को भरने का काम शुरू किया था।
इधर, वसई-विरार इलाके में भी लोग परेशान हैं क्योंकि मरम्मत के कुछ ही हफ्तों बाद गड्ढे फिर से उभर आए हैं। सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर (ट्रैफिक) प्रशांत लांगी ने इस संबंध में वसई-विरार शहर नगर निगम (VVCMC) को पत्र लिखकर जल्द सुधार की मांग की है।
गौरतलब है कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने भी 15 जून 2026 को BMC और अन्य नगर निकायों को गड्ढों और मैनहोल का डेटा जमा करने का निर्देश दिया था। कोर्ट ने पहले ही गड्ढों के कारण होने वाली मौतों और चोटों के लिए मुआवजे का आदेश दिया था।