Kanpur-Lucknow Expressway पर टोल वसूली शुरू, जानिए अपनी गाड़ी के लिए कितना देना होगा टैक्स

UP: कानपुर और लखनऊ के बीच सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है. कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 14 जुलाई, 2026 से सुबह 8 बजे से टोल टैक्स वसूलना शुरू कर दिया गया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसकी आधिकारिक द

UP: कानपुर और लखनऊ के बीच सफर करने वालों के लिए जरूरी खबर है. कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर 14 जुलाई, 2026 से सुबह 8 बजे से टोल टैक्स वसूलना शुरू कर दिया गया है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने इसकी आधिकारिक दरें जारी कर दी हैं, ताकि यात्रियों को टोल को लेकर कोई उलझन न रहे.

इस एक्सप्रेसवे की खास बात यह है कि यहां पुराने तरीके के टोल प्लाजा नहीं बनाए गए हैं. टोल की वसूली पूरी तरह डिजिटल होगी. इसके लिए स्वचालित नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) तकनीक और FASTag का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे चलते वाहन से ही टैक्स कट जाएगा. अगर किसी गाड़ी पर FASTag नहीं है, तो उसे दोगुना टोल और 500 से 1000 रुपये तक का जुर्माना भरना पड़ सकता है. समय पर भुगतान न करने पर वाहन की RC भी निलंबित की जा सकती है.

वाहन का प्रकार एक तरफ का टोल 24 घंटे में वापसी
कार, जीप, वैन, SUV ₹275 ₹415
हल्के वाणिज्यिक वाहन ₹445 ₹670
बस और ट्रक ₹935 ₹1405
भारी वाहन (मल्टी-एक्सल) ₹1020 ₹1530

नियमित सफर करने वालों के लिए NHAI ने 3,075 रुपये का वार्षिक FASTag पास भी निकाला है. इस पास से साल में 200 बार (100 राउंड ट्रिप) सफर किया जा सकेगा, जिससे एक यात्रा का खर्च करीब 15 रुपये पड़ेगा. एक्सप्रेसवे पर कारों के लिए अधिकतम रफ्तार 120 किलोमीटर प्रति घंटा तय की गई है. ध्यान रहे कि दोपहिया और तिपहिया वाहनों का इस रास्ते पर चलना मना है.

NHAI के परियोजना निदेशक नकुल वर्मा ने बताया कि एक्सप्रेसवे का 18 किलोमीटर हिस्सा एलिवेटेड है, जिसकी निर्माण लागत ज्यादा होने के कारण टोल दरें अधिक रखी गई हैं. वहीं, रोडवेज बसों के यात्रियों की जेब पर भी असर पड़ेगा. टोल के कारण अगले हफ्ते से रोडवेज बसों का किराया 137 रुपये से बढ़कर 155 रुपये हो जाएगा. इसके अलावा, NHAI अब कानपुर-लखनऊ हाईवे (NH-27) पर भी टोल बढ़ाने की तैयारी कर रहा है.