JSSC JE पेपर लीक केस: मुंबई से गिरफ्तार हुआ एजेंसी का डायरेक्टर, बिहार का रहने वाला है आरोपी

Jharkhand: राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में एक बड़ी कामयाबी मिली है। SIT ने इस मामले के मुख्य आरोपी और एजेंसी ऑपरेटर अरुण कुमार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। अ

Jharkhand: राज्य कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की जूनियर इंजीनियर भर्ती परीक्षा में हुए पेपर लीक मामले में एक बड़ी कामयाबी मिली है। SIT ने इस मामले के मुख्य आरोपी और एजेंसी ऑपरेटर अरुण कुमार को मुंबई से गिरफ्तार कर लिया है। अरुण कुमार दिल्ली की कंपनी Bynsis Technology Pvt Ltd का डायरेक्टर है और बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला है। उसे 10 अगस्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

यह पूरा मामला 2022 की जूनियर इंजीनियर (डिप्लोमा) परीक्षा से जुड़ा है, जो 3 जुलाई 2022 को आयोजित की गई थी। इस परीक्षा के जरिए 1,279 पदों को भरा जाना था, लेकिन परीक्षा के दिन ही पेपर लीक की खबरें आने लगीं। बताया गया कि पहली शिफ्ट शुरू होने से पहले ही ऑनलाइन आंसर की वायरल हो गई थी, जिसके बाद सरकार ने तुरंत परीक्षा रद्द कर दी थी।

इस घोटाले की जांच के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई थी। जांच में यह बात सामने आई कि पेपर लीक करने के लिए एक संगठित सिंडिकेट काम कर रहा था, जिसका सीधा संबंध परीक्षा कराने वाली एजेंसी Bynsis Technology Pvt Ltd से था। इस मामले में नामकुम थाने में मिथलेश कुमार महतो की शिकायत पर FIR दर्ज की गई थी, जिसमें IPC की धारा 420, 467, 468, 120(B), IT एक्ट की धारा 66 और बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम की धारा 10 के तहत केस दर्ज है।

SIT ने इससे पहले भी इस सिंडिकेट से जुड़े पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। पकड़े गए लोगों में उम्मीदवार रंजित मंडल, सिंडिकेट सदस्य दीपक कुमार, अभिषेक कुमार, दीपक श्रीवास्तव और कंपनी के सीनियर मैनेजर कृष्णा कुमार शामिल हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में छापेमारी कर रही है।