Delhi-NCR में आतंकी साजिश, ISI और गैंगस्टर के गठजोड़ से बना TTH मॉड्यूल बस्तर, कई गिरफ्तार
Delhi: दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में दहशत फैलाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान समर्थित एक नए आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) के नेटवर्क को पकड़ा है
Delhi: दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों में दहशत फैलाने की एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों ने पाकिस्तान समर्थित एक नए आतंकी संगठन ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) के नेटवर्क को पकड़ा है। यह मॉड्यूल ISI और पाकिस्तानी गैंगस्टरों के साथ मिलकर भारत में प्रॉक्सी वॉर चलाने की कोशिश कर रहा था।
जांच में पता चला कि पाकिस्तान में बैठा गैंगस्टर और ISI हैंडलर शाहजाद भट्टी इस पूरे नेटवर्क को कंट्रोल कर रहा था। वह सोशल मीडिया के जरिए बेरोजगार युवाओं को बरगलाकर उन्हें अपने साथ जोड़ रहा था और पैसों का लालच देकर आतंकी गतिविधियों में शामिल कर रहा था। इस नेटवर्क का मकसद दिल्ली और अन्य राज्यों में डर पैदा करना, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ना और भविष्य में बड़े हमलों की जमीन तैयार करना था।
दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने इस सिलसिले में बड़ी कार्रवाई की है। जुलाई 2026 की शुरुआत में पंजाब और दिल्ली से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल, गुरजंत सिंह उर्फ ऋषि, सजन सिंह उर्फ हनी और गगनप्रीत को गिरफ्तार किया गया। गगनप्रीत को दिल्ली के पुलिस थानों और धार्मिक स्थलों की रेकी करने का काम सौंपा गया था। पुलिस ने इनके पास से विदेशी पिस्तौल, कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
इससे पहले जून 2026 में भी दिल्ली पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार किया था, जो शाहजाद भट्टी और उसके साथी अजमल गुज्जर के इशारे पर काम कर रहे थे। यह गिरोह पंजाब के रास्ते दिल्ली-एनसीआर में अवैध हथियार और ड्रग्स की तस्करी कर रहा था। गिरफ्तार लोगों को पुलिस कर्मियों को निशाना बनाने और सार्वजनिक जगहों पर TTH के पोस्टर और स्लोगन लिखने के निर्देश दिए गए थे।
इस साजिश का जाल सिर्फ दिल्ली तक सीमित नहीं था। अप्रैल 2026 में यूपी एटीएस (UP-ATS) ने भी तुषार चौहान और समीर खान को गिरफ्तार किया था, जो TTH के लिए काम कर रहे थे। वहीं, नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने भी पंजाब और हरियाणा में 18 जगहों पर छापेमारी की है। एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क हवाला चैनलों और एन्क्रिप्टेड मैसेजिंग ऐप्स का इस्तेमाल कर रहा था ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।