Mumbai एयरपोर्ट पर इंडोनेशियाई महिला गिरफ्तार, जींस की जेब में छिपाकर लाई 6 करोड़ का सोना

Maharashtra: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। यहाँ दुबई से आई एक इंडोनेशियाई महिला को भारी मात्रा में सोना तस्करी करते हुए पकड़ा गया है।

Maharashtra: मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) पर राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। यहाँ दुबई से आई एक इंडोनेशियाई महिला को भारी मात्रा में सोना तस्करी करते हुए पकड़ा गया है। महिला के पास से करीब 4 किलो सोना मिला है, जिसकी बाजार में कीमत लगभग 6 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

पकड़ी गई महिला की पहचान 30 वर्षीय ज़ाज़किया रोसइंदा (Zazkiya Rosaindah) के रूप में हुई है। DRI को इस बारे में पहले से ही खुफिया जानकारी मिली थी, जिसके आधार पर एयरपोर्ट पर निगरानी रखी गई और महिला को हिरासत में लिया गया। जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसकी जींस की साइड पॉकेट्स में 24 कैरेट सोने की ईंटें छिपाई हुई मिलीं। अधिकारियों ने सोने के साथ-साथ उनके प्लास्टिक कवर और शुद्धता प्रमाण पत्र (purity certificates) भी जब्त कर लिए हैं।

कोर्ट में कार्यवाही के दौरान महिला ने पहले तो सोने ले जाने से इनकार किया, लेकिन बाद में उसने मान लिया कि वह बिना जानकारी दिए सोना भारत लाई थी। वहीं, महिला के वकील रवि हिरानी ने दलील दी कि उनकी मुवक्किल ने दुबई एयरपोर्ट पर सोने की घोषणा की थी और वह मुंबई में भी ऐसा करना चाहती थी, लेकिन उससे पहले ही DRI ने उसे पकड़ लिया।

इस मामले में महिला के खिलाफ कस्टम एक्ट, 1962 की धारा 104, 110, 111, 118 और 119 के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारियों का कहना है कि यह मामला एक अंतरराष्ट्रीय सिंडिकेट से जुड़ा हो सकता है। अब DRI इस बात की जांच कर रही है कि यह सोना कहाँ से आया, भारत में इसे किसे दिया जाना था और क्या इसके बदले में अवैध हवाला चैनलों के जरिए पैसों का लेन-देन हुआ था।