Indonesia में 6.2 तीव्रता का भूकंप, Tobelo के पास था केंद्र, सुनामी का खतरा नहीं

World : इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में स्थित उत्तरी मलुकु प्रांत में शुक्रवार को एक जोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई। यह भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:31 बजे आया, जिससे इलाके में लोग घबरा

World : इंडोनेशिया के पूर्वी हिस्से में स्थित उत्तरी मलुकु प्रांत में शुक्रवार को एक जोरदार भूकंप आया। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.2 मापी गई। यह भूकंप स्थानीय समय के अनुसार सुबह 11:31 बजे आया, जिससे इलाके में लोग घबरा गए।

भूकंप का केंद्र Tobelo शहर से लगभग 58 किलोमीटर पश्चिम में था। खास बात यह रही कि यह भूकंप जमीन से करीब 120 से 121 किलोमीटर की गहराई में आया था। गहराई ज्यादा होने की वजह से सतह पर जान-माल का भारी नुकसान नहीं हुआ। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु और भूभौतिकी एजेंसी (BMKG) ने साफ किया कि इस भूकंप से सुनामी आने का कोई खतरा नहीं है।

शुरुआती रिपोर्टों में किसी बड़ी तबाही या लोगों के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। प्रशासन अभी भी आसपास के इलाकों में नुकसान का जायजा ले रहा है। मुख्य भूकंप के बाद दोपहर करीब 12:52 बजे एक हल्का झटका भी महसूस किया गया, जिसकी तीव्रता 2.6 थी। यह झटका Tobelo से 46 किलोमीटर दूर महसूस हुआ था।

इंडोनेशिया का यह इलाका प्रशांत महासागर के ‘रिंग ऑफ फायर’ जोन में आता है, जिसकी वजह से यहाँ अक्सर भूकंप और ज्वालामुखी जैसी घटनाएं होती रहती हैं। इस घटना की निगरानी BMKG के साथ-साथ US Geological Survey (USGS) और जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) जैसी संस्थाएं भी कर रही थीं।