Delhi, Bihar समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया कब तक मिलेगी गर्मी से राहत

Delhi: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उन्हें भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 18 जून को शाम या रात के समय हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है। अगले कुछ दिनों

Delhi: दिल्ली-NCR के लोगों के लिए अच्छी खबर है क्योंकि उन्हें भीषण गर्मी से जल्द राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक 18 जून को शाम या रात के समय हल्की बारिश और गरज-चमक के साथ मौसम बदल सकता है। अगले कुछ दिनों तक राजधानी और आसपास के इलाकों में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।

IMD के अनुसार 18 जून को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हालांकि कुछ अनुमानों में अधिकतम तापमान 39 डिग्री तक जा सकता है। शाम के समय दक्षिण-पश्चिम दिशा से 15 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, लेकिन दिन में 60-65 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चलने की भी आशंका है। यह मौसम 21 जून तक ऐसा ही बना रह सकता है क्योंकि उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय हो रहा है।

सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि देश के 13 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल शामिल हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। बिहार में 17 से 20 जून के बीच भारी बारिश और 18-19 जून को 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तूफान आने की उम्मीद है।

मानसून की बात करें तो इसने अब तक कर्नाटक, महाराष्ट्र, केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, ओडिशा के कुछ हिस्सों और पूरे पूर्वोत्तर भारत को कवर कर लिया है। अगले 4-5 दिनों में मानसून तेलंगाना, ओडिशा, झारखंड, बिहार और छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में 18 से 22 जून के बीच बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं महाराष्ट्र के मुंबई में उमस भरी गर्मी के बीच बारिश के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।