Delhi, UP और Bihar समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर लैंडस्लाइड का खतरा

Delhi-NCR: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर मजबूत हो गया है जिससे उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस पूरे हफ्ते बारिश होने की संभावना जताई

Delhi-NCR: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर मजबूत हो गया है जिससे उत्तर और पूर्वोत्तर भारत में बारिश का दौर तेज हो गया है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली और आसपास के इलाकों में इस पूरे हफ्ते बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के साथ लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है।

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है जिससे सड़कों पर मलबा आने और नदियों का जलस्तर बढ़ने का डर है। जम्मू-कश्मीर में बारिश की वजह से अब तक 23 लोगों की जान जा चुकी है। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, मंडी और सिरमौर जैसे जिलों में एहतियात के तौर पर स्कूलों को बंद कर दिया गया है। उत्तराखंड के नैनीताल, देहरादून और हरिद्वार समेत कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी है।

दिल्ली-एनसीआर में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ आने वाले दिनों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। सोमवार रात और मंगलवार सुबह हुई बारिश से तापमान में गिरावट आई है, जिसमें नरायणा इलाके में सबसे ज्यादा 22mm बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, ओडिशा और पंजाब-हरियाणा में भी भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है।

बारिश का असर मैदानी इलाकों और पूर्वोत्तर राज्यों में भी दिख रहा है। असम में बाढ़ की वजह से सात जिलों के करीब 57 हजार लोग प्रभावित हुए हैं, जहाँ सेना और वायुसेना को अलर्ट पर रखा गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बारिश और बिजली गिरने से हुए नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित परिवारों को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिया जाए।

उत्तराखंड सरकार ने जिलाधिकारियों को इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर चालू रखने और रेस्क्यू टीमों को तैयार रहने को कहा है। प्रशासन ने तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को मौसम की सलाह मानने और बिना जरूरी काम के यात्रा न करने की सलाह दी है।