Bihar, UP और Delhi समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने दी आंधी और तूफान की चेतावनी

Delhi/UP/Bihar: देशभर में मॉनसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है जिससे कई राज्यों में हालात गंभीर हो गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी ज

Delhi/UP/Bihar: देशभर में मॉनसून की बारिश ने रफ्तार पकड़ ली है जिससे कई राज्यों में हालात गंभीर हो गए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने 25 जुलाई को उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

Delhi-NCR में पिछले कुछ दिनों से उमस बनी हुई थी, लेकिन अब यहां भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने के आसार हैं। IMD के मुताबिक 25 जुलाई को दिल्ली में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है। तापमान की बात करें तो अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कुछ हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में मौसम विभाग ने 25 से 28 जुलाई तक कई जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसमें लखनऊ, कानपुर, वाराणसी, नोएडा, आगरा, मथुरा, मेरठ, अयोध्या और प्रयागराज जैसे बड़े शहर शामिल हैं। इन इलाकों में बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके अलावा सहारनपुर, बहराइच, रायबरेली, हरदोई और सोनभद्र जैसे जिलों में भी भारी बारिश हो सकती है।

बिहार के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने वाला है। रोहतास, गया, पटना, नवादा, भागलपुर और पूर्णिया समेत कई इलाकों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है। यहां हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य बिहार में मध्यम से भारी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है।

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व राजस्थान के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र मौसम को प्रभावित कर रहा है। इस वजह से गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में भी बहुत भारी बारिश हो रही है। 26 जुलाई के बाद मॉनसून ट्रफ उत्तर की ओर बढ़ेगा, जिससे 27 और 28 जुलाई को दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हो सकती है। भारी बारिश के कारण जलभराव, लैंडस्लाइड और यात्रा में रुकावट आने की आशंका है।