UP, Bihar समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, दिल्ली-NCR में उमस से मिलेगी राहत
Weather Update : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिम बंगाल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं, वहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी
Weather Update : भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देश के 16 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। पश्चिम बंगाल में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात हैं, वहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी और लू का असर बना हुआ है। आने वाले दिनों में मानसून की रफ्तार बढ़ने से कई राज्यों के तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है।
दिल्ली-NCR के लोगों के लिए राहत की खबर है कि अगले तीन दिनों (20-22 जून) तक गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जिससे उमस और गर्मी से छुटकारा मिलेगा। 20 जून को यहाँ अधिकतम तापमान 37°C और न्यूनतम 28°C रहने का अनुमान है। वहीं राजस्थान में 21 से 24 जून के बीच मौसम बदलेगा और जयपुर, बीकानेर और अजमेर जैसे इलाकों में 60-70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने के साथ भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर प्रदेश की बात करें तो पश्चिमी यूपी में बारिश की संभावना है, लेकिन लखनऊ, प्रयागराज और बरेली जैसे इलाकों में अभी गर्मी और लू का असर रहेगा। पूर्वी यूपी में 24 जून तक हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटों में बुंदेलखंड का बांदा जिला 43.2°C के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा।
बिहार में फिलहाल लू का कहर जारी है और 22 जून तक भीषण गर्मी की चेतावनी दी गई है। यहाँ मानसून का असर 23 जून से दिखने की उम्मीद है, जिसके बाद 23 से 25 जून के बीच पटना, गया और भागलपुर समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी। पश्चिम बंगाल में स्थिति गंभीर है, जहाँ दार्जिलिंग में एक पुल बह गया है और कई जिलों में भारी बारिश के साथ 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में भी 20 से 22 जून के दौरान भारी बारिश हो सकती है। दक्षिण-पश्चिम मानसून 23 जून के आसपास महाराष्ट्र, तेलंगाना, ओडिशा और झारखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। पूर्वोत्तर राज्यों जैसे असम और मेघालय में भी 25 जून तक मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी।