Delhi, UP, Bihar समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने बताया कब तक रहेगा मौसम का मिजाज

Delhi-NCR: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. इसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में दिख रहा है, जहां आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग (IMD) के मुता

Delhi-NCR: बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र की वजह से मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. इसका असर दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में दिख रहा है, जहां आसमान में बादल छाए हुए हैं. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले 24 घंटों में बारिश की रफ्तार तेज हो सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी लेकिन जलजमाव जैसी दिक्कतें भी आ सकती हैं.

दिल्ली और आसपास के इलाकों जैसे नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भारी बारिश और गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है. यहाँ हवाओं की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुँच सकती है. दोपहर के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में भी मौसम का बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. पूर्वी यूपी में 19 से 21 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश हो सकती है, वहीं पश्चिमी यूपी में 20 से 22 जुलाई तक ऐसा ही माहौल रहेगा. मेरठ, गाजियाबाद और गौतम बुद्ध नगर जैसे जिलों में 70 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.

बिहार में 18 से 23 जुलाई तक व्यापक रूप से बारिश होने की उम्मीद है. पटना, गया और भोजपुर जैसे जिलों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट जारी किया गया है, जहाँ हवा की रफ्तार 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है. पश्चिम बंगाल के कोलकाता, हावड़ा और दुर्गापुर समेत कई जिलों में भी 19 से 24 जुलाई तक भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है.

IMD ने कई राज्यों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने आम लोगों को सलाह दी है कि वे जलजमाव वाले इलाकों में जाने से बचें और बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों के नीचे शरण न लें. प्रशासन और आपदा प्रबंधन एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा गया है ताकि परिवहन और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं में आने वाली बाधाओं को संभाला जा सके.