Delhi, UP, Bihar समेत 17 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, IMD ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी

Delhi/UP/Bihar: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों क

Delhi/UP/Bihar: देश के कई राज्यों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड समेत 17 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने लोगों को अलर्ट रहने को कहा है क्योंकि इस दौरान तेज बारिश से पेड़ गिरने और निचले इलाकों में जलभराव या बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।

आज यानी 6 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश होने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बिहार के उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। झारखंड में भी रांची और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।

अगले तीन दिनों तक यानी 8 अगस्त तक मौसम का मिजाज ऐसा ही रहने वाला है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में व्यापक बारिश की संभावना है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 7 अगस्त तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, मानसून ट्रफ और चक्रवाती परिसंचरण की वजह से उत्तर भारत और पूर्वोत्तर राज्यों में बारिश तेज हुई है।

IMD ने आम जनता के लिए जरूरी सलाह जारी की है। लोगों से कहा गया है कि गरज-चमक के दौरान पेड़ों के नीचे या किसी कमजोर ढांचे के नीचे शरण न लें। यात्रा पर निकलने से पहले सड़क और ट्रैफिक की स्थिति जरूर जांच लें। बाढ़ और भूस्खलन वाले इलाकों से दूर रहें और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें।

IMD के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि अगस्त महीने में पूरे भारत में कुल बारिश लंबी अवधि के औसत के 94% से कम रह सकती है, लेकिन क्षेत्रीय स्तर पर कई जगहों पर भारी बारिश की घटनाएं जारी रहेंगी। देश के कई हिस्सों में बारिश की यह गतिविधियां 11 अगस्त तक चलने की संभावना है।