Delhi, UP, Bihar समेत 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, असम और केरल में बाढ़ से बुरा हाल
Delhi/UP/Bihar: देश के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है जिससे असम से लेकर केरल तक भारी बारिश और बाढ़ का कहर दिख रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 अगस्त, 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 15 र
Delhi/UP/Bihar: देश के कई राज्यों में मानसून पूरी तरह सक्रिय है जिससे असम से लेकर केरल तक भारी बारिश और बाढ़ का कहर दिख रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 12 अगस्त, 2026 को उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली समेत 15 राज्यों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने से पूर्वी और मध्य भारत में बारिश और तेज हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर की बात करें तो यहाँ आज भारी बारिश का अलर्ट है और 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने की आशंका है। राजधानी में 17 अगस्त तक हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है। उत्तर प्रदेश में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, हापुड़, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और संभल में 12 अगस्त को गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट है। वहीं पूर्वी यूपी में 13 अगस्त से तेज बारिश होने की उम्मीद है।
बिहार के 18 जिलों में 12 अगस्त को आंधी और वज्रपात का येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहाँ 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और हल्की बारिश होगी। पटना में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और 13 से 15 अगस्त के बीच भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
असम में बाढ़ की स्थिति काफी गंभीर है जहाँ अब तक 101 लोगों की जान जा चुकी है। चराइदेव, दरांग, गोलाघाट, जोरहाट, कार्बी आंगलोंग, नगांव और शिवसागर जिलों में 1.26 लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। गोलाघाट जिला सबसे ज्यादा प्रभावित है। राज्य के 458 गांव पानी में डूबे हैं और 11,287 हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई है। प्रशासन ने 89 राहत शिविर बनाए हैं जहाँ 24 हजार लोग रह रहे हैं।
केरल में भी अगस्त की शुरुआत में भारी बारिश से स्थिति खराब हुई थी जिससे 8 लोगों की मौत हुई और कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। पत्तनमथिट्टा जिले में बाढ़ का खतरा देखते हुए कई शिक्षण संस्थानों में छुट्टी घोषित की गई थी और मुख्यमंत्री ने स्थिति की समीक्षा के लिए बैठक भी की थी।