Delhi, UP, Bihar समेत 13 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, हिमाचल में पर्यटकों के लिए चेतावनी जारी
Delhi/NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। 19 जुलाई को राजधानी और एनसीआर के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस दौरान तेज हवाओं और
Delhi/NCR: दिल्ली और आसपास के इलाकों में बढ़ती गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। 19 जुलाई को राजधानी और एनसीआर के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने इस दौरान तेज हवाओं और गरज के साथ छींटे पड़ने का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली-एनसीआर में नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। सुबह के समय हवा की गति 20 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रहेगी, लेकिन दिन ढलने के साथ बारिश और हवाओं की तीव्रता बढ़ सकती है।
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी मौसम का मिजाज बिगड़ेगा। मेरठ, आगरा, कानपुर, वाराणसी और प्रयागराज समेत कई शहरों में भारी बारिश और तूफान का अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। वहीं बिहार के पटना, गया, मुजफ्फरपुर और भागलपुर जैसे जिलों में भी भारी बारिश और तूफान की चेतावनी दी गई है। झारखंड के रांची, धनबाद और जमशेदपुर में 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की उम्मीद है।
पहाड़ों की बात करें तो हिमाचल प्रदेश में हालात ज्यादा गंभीर हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 19 से 23 जुलाई तक कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य के 76 से 100 प्रतिशत हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, इसलिए पर्यटकों को बहुत सावधान रहने की सलाह दी गई है। खराब मौसम के कारण 19 जुलाई से श्री अमरनाथजी यात्रा को भी अस्थायी रूप से रोक दिया गया है।
उत्तराखंड में अगले 7 दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा और पश्चिमी विक्षोभ के कारण 19 जुलाई से बारिश और बढ़ सकती है। IMD के मुताबिक राजस्थान, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश समेत कुल 13 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है और हवा की गति 85 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों को अनावश्यक यात्रा न करने और पेड़ों के नीचे शरण न लेने की सलाह दी है।