UP, Bihar और Delhi समेत 16 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तराखंड में नदियां उफान पर
Weather Update: देश के 16 राज्यों में 10 अगस्त को झमाझम बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक मॉनसून इस समय काफी सक्रिय है, जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान और मध्य प्रदेश समे
Weather Update: देश के 16 राज्यों में 10 अगस्त को झमाझम बारिश होने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक मॉनसून इस समय काफी सक्रिय है, जिसकी वजह से उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-NCR, राजस्थान और मध्य प्रदेश समेत कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यहां भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश, नैनीताल और पिथोरगढ़ जैसे जिलों में खतरा ज्यादा है। बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है और लैंडस्लाइड या सड़क जाम होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश के 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। पूर्वी यूपी में ज्यादा बारिश होगी, जबकि पश्चिमी यूपी में छिटपुट भारी बारिश की उम्मीद है। बिहार में 10 से 12 अगस्त तक हल्की बारिश होगी, लेकिन 13 से 15 अगस्त के बीच बारिश तेज हो सकती है। यहां 30-40 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
दिल्ली-NCR में 10 अगस्त को बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश होगी, लेकिन 11 अगस्त के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे सड़कों पर जलजमाव और ट्रैफिक जाम की समस्या हो सकती है। राजस्थान के पूर्वी हिस्सों में बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, वहीं मध्य प्रदेश के पश्चिमी इलाकों में भी जोरदार बारिश होने की संभावना है।
ओडिशा में इस मॉनसून सीजन में अब तक सामान्य से 26 प्रतिशत ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। यहां के मयूरभंज जिले के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की गई है। IMD ने लोगों को सलाह दी है कि वे जलजमाव वाले इलाकों और नदियों के किनारे जाने से बचें। जिला प्रशासन जरूरत के हिसाब से स्कूलों की छुट्टी का फैसला लेगा।