Haryana के जिले नहीं होंगे Delhi NCR से बाहर, CM नायब सैनी ने किया ऐलान
Haryana: दिल्ली NCR के दायरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। मंगलवार को नई दिल्ली में हुई NCR प्लानिंग बोर्ड की 42वीं बैठक में यह तय किया गया कि हरियाणा का कोई भी जिला NCR क्षेत्र से बाहर नहीं किया जाएगा। इ
Haryana: दिल्ली NCR के दायरे को लेकर चल रही चर्चाओं पर अब विराम लग गया है। मंगलवार को नई दिल्ली में हुई NCR प्लानिंग बोर्ड की 42वीं बैठक में यह तय किया गया कि हरियाणा का कोई भी जिला NCR क्षेत्र से बाहर नहीं किया जाएगा। इस फैसले से उन जिलों के लोगों को राहत मिली है जिनके बाहर होने की चर्चा काफी समय से चल रही थी।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने साफ किया कि NCR के मौजूदा क्षेत्र में कोई बदलाव नहीं होगा। पहले यह चर्चा थी कि महेंद्रगढ़, जींद, भिवानी, चरखी दादरी और करनाल जैसे 5 जिलों को NCR से हटाया जा सकता है, लेकिन अब बोर्ड ने इन्हें बरकरार रखने का फैसला लिया है। केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने भी कहा कि Regional Plan 2041 में NCR का दायरा कम नहीं किया जाएगा।
इस बैठक में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, राजस्थान के शहरी विकास मंत्री झबर सिंह खर्रा और यूपी के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा भी शामिल हुए। बैठक में केवल सीमाओं पर ही नहीं, बल्कि प्रदूषण रोकने के उपायों, अरावली की पहाड़ियों को बचाने और मेट्रो व नमो भारत जैसी ट्रांसपोर्ट सुविधाओं को बढ़ाने पर भी बात हुई।
भविष्य की योजनाओं के बारे में बताते हुए अधिकारियों ने कहा कि RRTS कॉरिडोर के किनारे ‘नमो सिटीज’ नाम से चार नए अर्बन सेंटर विकसित किए जाएंगे। इसके लिए 5,000 करोड़ रुपये के प्रोत्साहन पैकेज का प्रस्ताव है। Regional Plan 2041 का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है और इसकी अंतिम मंजूरी दिसंबर में होने वाली 43वीं बैठक में मिल सकती है, जो संभवतः गुरुग्राम में आयोजित होगी।