Gurgaon के DLF Phase 3 में बड़ा एक्शन, कई होटल, PG और अस्पताल सील; JCB से ढहाई गई अवैध दीवारें

Haryana/Gurgaon: गुरुग्राम के DLF Phase 3 इलाके में प्रशासन ने अवैध निर्माण और कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। DTCP की टीम ने नथूपुर रोड और एस ब्लॉक में कई होटलों, पीजी और अस्पतालों को सील कर दिया है। इ

Haryana/Gurgaon: गुरुग्राम के DLF Phase 3 इलाके में प्रशासन ने अवैध निर्माण और कमर्शियल गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। DTCP की टीम ने नथूपुर रोड और एस ब्लॉक में कई होटलों, पीजी और अस्पतालों को सील कर दिया है। इस कार्रवाई के कारण कई लोग अचानक बेघर हो गए हैं और इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

यह पूरी कार्रवाई पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के आदेशों के बाद की गई है। 18 और 19 जून 2026 को चली इस ड्राइव में करीब 11 से 13 संपत्तियों को सील किया गया। इसमें ‘Hotel Moonlight’ और ‘The Medicity’ अस्पताल जैसे नाम शामिल हैं। हालांकि, जिला नगर योजनाकार (प्रवर्तन) अमित मधोलिया ने साफ किया कि द मेडिसिटी अस्पताल को पूरी तरह सील नहीं किया गया, बल्कि वहां केवल अवैध हिस्से को गिराया गया है।

सबसे ज्यादा असर पीजी (PG) चलाने वालों पर पड़ा है। अमलतास अपार्टमेंट्स (S-23/1) जिसमें 48 कमरे थे, उसे सील कर दिया गया, जिससे करीब 40 परिवार रातों-रात बेघर हो गए। इसके अलावा एस-24/9 में 72 कमरों वाला पीजी और एस-24/1 में 25 कमरों वाले पीजी को भी सील किया गया। प्रशासन ने पहली बार स्टिल्ट फ्लोर के अंदर JCB मशीन भेजकर अवैध निर्माण को ढहाया है, जो यह बताता है कि अब नियमों में कोई ढील नहीं दी जाएगी।

अधिकारियों के मुताबिक, रिहायशी प्लॉटों को गैरकानूनी तरीके से होटल, ऑफिस और पीजी में बदल दिया गया था। नियमों के मुताबिक एक मंजिल पर एक ही यूनिट हो सकती है, लेकिन यहां कई छोटे-छोटे कमरे बनाकर उन्हें किराए पर दिया जा रहा था। प्रिस्टिन केयर क्लिनिक (NR-38) में भी साइड सेटबैक को कवर करने पर कार्रवाई की गई।

जिला नगर योजनाकार अमित मधोलिया ने बताया कि यह अभियान केवल फेज 3 तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि DLF फेज 1 से 5 तक चलेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि सभी मालिकों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन मकान मालिकों ने अपने किरायेदारों को इस बारे में नहीं बताया।

DTCP ने कोर्ट को बताया कि DLF फेज 1 से 5 के बीच करीब 4,000 से ज्यादा घरों की जांच हो रही है और अब तक 5,099 नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इनमें से 2,000 नोटिस सिर्फ स्टिल्ट एरिया को कवर करने के लिए थे। फिलहाल कुछ मामलों की अगली सुनवाई 6 जुलाई को तय की गई है।