Greater Noida में गैस पाइपलाइन फटने से मचा हड़कंप, घरों से बाहर निकले लोग
UP/Greater Noida: सेक्टर डेल्टा वन में रविवार सुबह एक गैस पाइपलाइन फटने से इलाके में काफी अफरा-तफरी मच गई। खुदाई के दौरान मशीन से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। रिसाव की आवाज और तेज ब
UP/Greater Noida: सेक्टर डेल्टा वन में रविवार सुबह एक गैस पाइपलाइन फटने से इलाके में काफी अफरा-तफरी मच गई। खुदाई के दौरान मशीन से पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे तेज गति से गैस का रिसाव होने लगा। रिसाव की आवाज और तेज बदबू के कारण आसपास के लोग डर गए और तुरंत अपने घरों से बाहर निकल आए।
यह घटना सेक्टर के सी ब्लॉक में मकान संख्या 121 के सामने हुई। स्थानीय निवासी प्रमोद भाटी ने बताया कि जैसे ही पाइप फटा, वहां काम कर रहे कर्मचारियों ने तुरंत लोगों को सतर्क किया और उन्हें सुरक्षित दूरी पर जाने की सलाह दी। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंच गई ताकि किसी भी तरह के हादसे को रोका जा सके।
गैस रिसाव को देखते हुए अधिकारियों ने तुरंत मुख्य गैस लाइन को बंद करने का फैसला किया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मुख्य वाल्व को बंद किया गया, तब जाकर रिसाव रुका और लोगों ने राहत की सांस ली। रिसाव बंद होने के बाद भी प्रशासन ने सावधानी बरती और लोगों को कुछ समय तक गैस, माचिस, आग और किसी भी ज्वलनशील चीज का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी।
इसके बाद गैस विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत की। पूरी तरह से लीकेज टेस्ट करने के बाद ही गैस की आपूर्ति को फिर से बहाल किया गया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य और सुरक्षित है।