Gurugram के अस्पताल में अपनी पत्नी और जुड़वा बेटियों से मिला गैंगस्टर काला जठेरी, भारी पुलिस सुरक्षा के बीच पहुंचा
Gurugram: तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेरी बुधवार को गुरुग्राम के एक अस्पताल में अपनी पत्नी और नवजात जुड़वा बेटियों से मिला। रोहिणी जिला अदालत के आदेश के बाद उसे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया
Gurugram: तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर संदीप उर्फ काला जठेरी बुधवार को गुरुग्राम के एक अस्पताल में अपनी पत्नी और नवजात जुड़वा बेटियों से मिला। रोहिणी जिला अदालत के आदेश के बाद उसे भारी पुलिस सुरक्षा के बीच अस्पताल ले जाया गया था। जठेरी सुबह करीब 11 बजे अस्पताल पहुंचा और वहां तीन घंटे तक अपने परिवार के साथ समय बिताया।
रोहिणी जिला अदालत के स्पेशल जज मुनीश गर्ग ने मानवीय आधार पर काला जठेरी को परिवार से मिलने के लिए चार घंटे की कस्टडी पैरोल दी थी। कोर्ट ने यह फैसला अस्पताल के रिकॉर्ड और मेडिकल दस्तावेजों की जांच के बाद लिया। अदालत ने साफ तौर पर कहा था कि जठेरी पूरी मुलाकात के दौरान पुलिस की कड़ी निगरानी और सुरक्षा में रहेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि इस राहत का उसके खिलाफ चल रहे आपराधिक मामलों पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
काला जठेरी की पत्नी अनुराधा चौधरी, जो खुद पूर्व महिला गैंगस्टर रही हैं, ने IVF प्रक्रिया के जरिए जुड़वा बेटियों को जन्म दिया है। प्रसव के दौरान अनुराधा की तबीयत खराब हो गई थी, जिसके कारण डॉक्टरों ने सिजेरियन ऑपरेशन के जरिए बच्चों की डिलीवरी की। परिवार की प्राइवेसी और सुरक्षा को देखते हुए कोर्ट ने अस्पताल के नाम और सटीक लोकेशन को सार्वजनिक न करने का निर्देश दिया था, हालांकि यह मुलाकात गुरुग्राम के डीएलएफ फेज 3 स्थित एक अस्पताल में हुई।
संदीप उर्फ काला जठेरी पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में हत्या, रंगदारी और धमकी जैसे 30 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह MCOCA कानून के तहत भी आरोपी है। इससे पहले मार्च 2024 में उसे अपनी शादी के लिए छह घंटे की पैरोल मिली थी और जून 2025 में IVF ट्रीटमेंट के लिए भी अदालत ने उसे अंतरिम पैरोल दी थी। इस पूरी मुलाकात के दौरान दिल्ली और गुरुग्राम पुलिस की टीमें तैनात रहीं।